Almora News: घास काट रही महिला पर गुलदार झपटा, चीख-पुकार सुन भागा
Almora News: चौखुटिया में जीजीआईसी के पास एक महिला पर दिनदहाड़े गुलदार ने हमला करने की कोशिश की। महिला ने चिल्लाकर गुलदार को भागने पर मजबूर किया। वन विभाग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गश्त की और स्थानीय लोगों में खौफ फैल गया। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए चेतावनी जारी की है।
Almora News: चौखुटिया। जीजीआईसी के समीप खेत में दिनदहाड़े गुलदार ने घास काट रही महिला पर झपटने का प्रयास किया। महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए जोर-जोर से चिल्लाने के कारण गुलदार मौके से भाग खड़ा हुआ, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। वन विभाग और पुलिस की टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए प्रभावित स्थल पर गश्त शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 12 बजे कमला बिष्ट जीजीआईसी को जाने वाले मुख्य रास्ते के पास रोजाना की तरह घास काट रही थीं। इसी दौरान अचानक खेत की मेड़ पर घात लगाकर बैठे एक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी सचेत हो गए और शोर मचने पर गुलदार पास के जंगलों की तरफ भाग गया। हमारा मंच हमारी बात संगठन के हेम काण्डपाल ने घटना की सूचना एसडीएम सुनील कुमार और संबंधित वनाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस और वन विभाग के कर्मचारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने तेंदुए को खदेड़ने के लिए प्रभावित क्षेत्र में कई जगह तेज आवाज वाले पटाखे फोड़े और उसकी खोजबीन का प्रयास किया। इस घटना के बाद गनाई गांव, मुख्य बाजार और स्कूली बच्चों के अभिभावकों में भारी दहशत फैल गई है। दिन के उजाले में रिहायशी और शैक्षणिक संस्थान के पास तेंदुए की सक्रियता को देखते हुए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है।


