Almora News: मॉल रोड में अराजक तत्वों के हंगामे से यातायात रुका
Almora News: अल्मोड़ा के मॉल रोड और बस अड्डा क्षेत्र में अराजक तत्वों के बढ़ते गतिविधियों से लोग नाराज हैं। सोमवार शाम को हंगामा हुआ, जिससे यातायात बाधित रहा। भाजपा नेताओं ने एएसएसपी को ज्ञापन सौंपकर पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा की मांग की है। त्योहारी सीजन से पहले सुरक्षा को लेकर चिंताएं हैं।

Almora News: अल्मोड़ा। नगर के मॉल रोड और बस अड्डा क्षेत्र में अराजक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों से लोगों में नाराजगी है। सोमवार शाम को भी अराजक तत्वों ने हंगामा काटा और यातायात रोक दिया। इन गतिविधियों में अंकुश लगाने की मांग को लेकर भाजपा नेताओं ने मंगलवार को एएसएसपी को ज्ञापन सौंपा। भाजपा के पूर्व कार्यकारिणी सदस्य राजीव गुरुरानी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि सोमवार की शाम सात बजे बस अड्डे के निकट कुछ अराजक तत्वों ने बीच सड़क पर हंगामा और गुंडागर्दी की। इस कारण काफी देर तक मॉल रोड और बस अड्डा क्षेत्र में यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन उपद्रवी नहीं माने। सूचना देने के बावजूद कोतवाली पुलिस 45 मिनट की देरी से मौके पर पहुंची। कहना था कि आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है, जिससे सुरक्षा का खतरा और बढ़ सकता है। उन्होंने जनहित में मॉल रोड, बस अड्डा और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेषकर शाम और रात्रि के समय पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट, राजा खान, दिशांत पवार, मनीष जोशी, भूपेश कांडपाल आदि थे।


