Almora News: बारिश के कारण अल्मोड़ा में सहकारिता चुनाव स्थगित
Almora News: अल्मोड़ा जिले में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण जिला सहकारी बैंक के प्रबंध कमेटी चुनाव स्थगित कर दिए गए हैं। बारिश से रास्ते अवरुद्ध हैं और मतदाताओं की सुरक्षा खतरे में है। चुनावों की नई तिथियों की घोषणा मानसून सत्र के खत्म होने के बाद होगी।

Almora News: अल्मोड़ा। जिले में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के चलते जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रबंध कमेटी सदस्यों और पदाधिकारियों के चुनाव को स्थगित कर दिया गया है। आदेश के अनुसार, बारिश से जगह-जगह मार्ग अवरुद्ध हैं और जान-माल का खतरा बना हुआ है। ऐसे में दूरस्थ ब्लॉकों से आने वाले मतदाताओं की सुरक्षा अहम है। पूर्व में सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण की ओर से प्रबंध कमेटी के सदस्य, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए दस और 11 सितंबर की तिथियां निर्धारित की गई थीं। इन तारीखों पर चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला मजिस्ट्रेट अल्मोड़ा के आदेशानुसार उप जिला अधिकारी को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया था।
निर्वाचन अधिकारी ने इन चुनावों को मानसून सत्र की समाप्ति तक स्थगित करने की घोषणा की है। प्रशासन का मानना है कि इस प्राकृतिक आपदा के समय मतदान कराना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। मानसून सत्र की समाप्ति यानी 15 सितंबर के बाद हालात की समीक्षा की जाएगी, जिसके बाद निबंधक की ओर से चुनाव संपन्न कराने के लिए नई तिथियों की घोषणा की जाएगी।

