दुर्गा पूजा महोत्सव: गांधी चौक में देवी मां को लगाए छप्पन भोग
शरदीय नवरात्रों के उपलक्ष्य में चहुओर भक्ति की रसधार प्रवाहित हो चली है। देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा है। नगर के गांधी चौक में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में बुधवार को देवी...
शरदीय नवरात्रों के उपलक्ष्य में चहुओर भक्ति की रसधार प्रवाहित हो चली है। देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा है। नगर के गांधी चौक में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में बुधवार को देवी मां को छप्पन भोग लगाए गए। बैंक बिल्डिंग में भी दुर्गा पूजा कार्यक्रम में भजन-कीर्तनों का दौर चला है।
चिलियानौला स्थित हैड़ाखान आश्रम में जगदंबा महायज्ञ में प्रतिदिन सैकड़ों आहुतियां देकर विश्व मंगल की कामना की जा रही है। नवरात्रों पर देवी मंदिर श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार हो चले हैं। प्रता: काल से लेकर पूरे दिन पूजा-अर्चना का दौर चल रहा है। झूला देवी, कालिका माता सहित विभिन्न देवी मंदिरों में चहल-पहल है। दुर्गा पूजा महोत्सवों की भी धूम मची है। गांधी चौक में बुधवार को मां को छप्पन भोग लगाए गए। महाआरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहें हैं। समिति के अजय बबली ने बताया गुरुवार की सायं दुर्गा सप्तशति पाठ का आयोजन होगा। बैंक बिल्डिंग में दुर्गा पूजा कार्यक्रम में भी विभिन्न अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहें हैं। समिति के कुलदीप राणा, हेम कांडपाल, विजय बिष्ट, सतीश नेगी, जयपाल बजेठा, भूपेंद्र आदि युवा सहयोग कर रहें हैं। उधर, हैड़ाखान आश्रम में जगदंबा महायज्ञ में विदेशी भक्तों की भारतीय सनातन धर्म में गहरी आस्था देखते ही बन रही है। भक्त पूरी तन्मयता से पूजा-अर्चना के साथ कारसेवा में भी जुटे हैं।