कार्य शुरू होने के पांच दिन बाद ही समाप्त करेंगे क्रमिक अनशन
संक्षेप: धूराफाटवासियों का पेयजल पंपिंग योजना के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग को लेकर क्रमिक अनशन छठे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक काम नियमित रूप से नहीं चलेगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। जल निगम ने इंफिल्ट्रेशन वेल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
बयेड़ी पेयजल पंपिंग योजना का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग को लेकर धूराफाटवासियों का क्रमिक अनशन छठे दिन भी जारी रहा। हालांकि जल निगम ने खनन विभाग की मंजूरी के बाद कोसी नदी में इंफिल्ट्रेशन वेल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि नियमित कार्य चलेगा तो तभी आंदोलन समाप्त होगा। धूराफाट क्षेत्र में पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों का क्रमिक अनशन पिछले छह दिनों से निरंतर जारी है। इस बार आक्रोशित ग्रामीण आंदोलन में बैठे हैं और विभागों के झांसे में नहीं आना चाहते। किसान विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष पूरन पांडेय ने कहा कि आंदोलन के कड़वे अनुभव देखे हैं।

जब चार दिन अनशन में बैठे तब खान विभाग की भी मंजूरी मिल गई है और अब पाइप भी पहुंचने वाले हैं, लेकिन जब तक पांच सात दिन कार्य अच्छी तरह से गति नहीं पकड़ लेता तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। नायब तहसीलदार राजेंद्र अधिकारी ने बताया कि आंदोलनकारियों की मांगें मान ली गई हैं, लेकिन आंदोलनकारी कुछ दिन कार्य देखना चाहते हैं। यहां नीमा पांडेय, सुरेंद्र सिंह फर्त्याल, चन्दन सिंह करायत, हिमांशु पांडेय, कैलाश पांडेय, दीप चंद्र पांडेय, देवेंद्र सिंह करायत, महेंद्र सिंह, अभिषेक बिष्ट, लछी राम, तनुज पांडेय, पुष्पा पांडेय, पुष्कर राम, नंदन राम, चंदन सिंह, देवेंद्र सिंह, उमेश चंद्र पांडेय आदि थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




