Almora News: सरकारी विभागों के स्थानांतरण से भड़का व्यापार मंडल
Almora News: अल्मोड़ा के व्यापार मंडल ने डीएम से मिलकर बाजार की व्यापारिक गतिविधियों से संबंधित समस्याओं को उठाया। व्यापारियों ने सरकारी कार्यालयों के स्थानांतरण की चिंता जताई और चेतावनी दी कि अगर अधिक विभाग स्थानांतरित हुए तो वे आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि कार्यालयों के हटने से स्थानीय व्यापार और जनजीवन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

Almora News: अल्मोड़ा। व्यापार मंडल ने बुधवार को डीएम से मुलाकात कर बाजार की व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं को बताया। व्यापारियों ने जिला पंचायत से सरकारी विभागों के स्थानांतरण के विषय पर चिंता व्यक्त की। चेतावनी दी कि यदि कोई भी अन्य विभाग बाजार क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित किए गए तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने डीएम से कहा कि कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों के मुख्य बाजार क्षेत्र से बाहर जाने के कारण स्थानीय व्यापार पर बेहद प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। सरकारी दफ्तरों के हटने से आम जनता, कर्मचारियों और आगंतुकों की आवाजाही कम हो गई है, जिसका सीधा असर दुकानदारों की आजीविका पर पड़ रहा है।
कहा कि पहले भी झूठे आश्वासन देकर कलेक्ट्रेट का स्थानांतरण किया गया, जिसकी पीड़ा अल्मोड़ा नगर के व्यापारी और आम जनमानस आज भी झेल रहे हैं। व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस पर सकारात्मक कदम उठाने का आग्रह किया। यहां जिलाध्यक्ष सुशील साह, नगर अध्यक्ष अजय वर्मा, नगर सहसचिव अश्विन नेगी, जिला उपाध्यक्ष विजय भट्ट, राकेश तिवारी, संरक्षक संजीव गुप्ता, दिनेश मठपाल, कमल तिवारी, कमलेश मेर, गुंजन चम्याल, दीपक कुमार, ललित मिश्रा आदि थे।

