Almora News: सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए हर दिन लक्ष्य तय करें’
Almora News: अल्मोड़ा में कलेक्ट्रेट में, डीएम अंशुल सिंह ने जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और नियमित निगरानी के साथ स्पष्ट कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। सड़कों पर पैचवर्क के साथ सील कोट का कार्य अनिवार्य किया गया, गुणवत्ता में किसी भी कमी पर सख्त चेतावनी दी गई।

Almora News: अल्मोड़ा। कलेक्ट्रेट में डीएम अंशुल सिंह ने जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पीएमजीएसवाई की 123, लोनिवि की 67 और एनएच की सड़कों की स्थिति की जानकारी ली। डीएम ने अधिकारियों को सड़कों के मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट कार्ययोजना बनाने को कहा। कहा कि हर एक सड़क के लिए दिनवार लक्ष्य निर्धारित किए जाएं और उसी के अनुरूप कार्य की प्रगति की जाए। कार्यों की नियमित और निष्पक्ष निगरानी के लिए प्रतिदिन किए गए कार्यों की स्थिति से फोटो और वीडियो सहित अवगत कराने की अनिवार्यता लागू की।
निर्देश दिए कि सड़कों पर केवल पैचवर्क ही न किया जाए, बल्कि उसके साथ सील कोट का कार्य भी अनिवार्य रूप से किया जाए, जिससे मरम्मत कार्य लंबे समय तक टिकाऊ रहे और सड़क की सतह बेहतर बनी रहे। चेतावनी दी कि कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


