शराब की तलब 'करंट' मिटाएगा; दवा न खाने वाले मरीजों के लिए ट्रायल सफल
शराब की तलब अब करंट मिटाएगा। देहरादून में एचआईएमएस और एसजीआरआर मेडिकल कॉलेजों के शोध और सफल ट्रायल के बाद यह मरीजों के लिए काफी कारगर हो सकता है।

चांद मोहम्मद, देहरादून
शराब की लत छुड़ाने के दौरान उठने वाली भयंकर तड़प (क्रेविंग) को अब एक हल्के ‘करंट’ से शांत किया जा सकेगा। देहरादून के एचआईएमएस और एसजीआरआर मेडिकल कॉलेजों के मनोरोग विशेषज्ञों ने ‘ब्रेन स्टिमुलेशन’ ट्रांसक्रेनियल डायरेक्ट करंट सिम्यूलेशन तकनीक का शराब की लत वाले मरीजों पर सफल क्लिनिकल ट्रायल किया है।
इस शोध में सामने आया है कि मस्तिष्क के खास हिस्से में पांच दिन तक हल्का करंट देने से शराब की तलब दोगुनी तेजी से कम होती है। इस रिसर्च को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल प्राइमरी केयर कंपेनियन फॉर सीएनएस डिसऑर्डर्स में जगह मिली है।
पांच दिन और दस सेशन में ऐसे दिया करंट
डॉ. प्रियरंजन एवं डॉ. विक्टर ने बताया कि शरीर में बिना कट लगाए वाली तकनीक में खोपड़ी के ऊपर इलेक्ट्रोड लगाकर मस्तिष्क के डॉर्सोलैटरल प्रीफ्रंटल कॉर्टेक्स हिस्से में टूएमए का हल्का करंट दिया गया। पांच दिनों तक रोजाना 20-20 मिनट के दो सेशन दिए गए। नतीजतन, नकली इलाज (7.08 अंक की कमी) के मुकाबले असली करंट पाने वाले मरीजों की क्रेविंग में दोगुनी (14.17 अंक) गिरावट दर्ज की गई।
दवा न खाने और साइड इफेक्ट वाले मरीजों के लिए कारगर
डॉ. विक्टर के मुताबिक बहुत सारे मरीज होते हैं जो दवा खाना नहीं चाहते हैं या जिनको दवाई खाने के साथ साइड इफेक्ट होते हैं, तो उनका इलाज इस तकनीक से किया जा सकता है। इसमें कोई साइड इफेक्ट भी नहीं है। विशेषज्ञों ने यह भी चेताया कि खास मशीन एवं विशेषज्ञों की निगरानी में ही यह प्रक्रिया होगी।
इन्होंने किया शोध
शोध में देहरादून स्थित हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और श्री गुरु राम राय मेडिकल कॉलेजों के मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. ट्विंकल शर्मा, डॉ. प्रियरंजन अविनाश, डॉ. रॉबिन विक्टर, डॉ. प्रवीण रिखारी और डॉ. शोभित गर्ग शामिल रहे। ट्रायल दून के एक टर्शरी साइकियाट्री सेंटर में किया गया। यह ट्रायल 2023 से 2025 के बीच 18 से 60 वर्ष की उम्र के गंभीर मरीजों पर किया गया।
यह होगा समाज को फायदा
इस शोध को अल्कोहल डिपेंडेंस सिंड्रोम के इलाज की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। कहा कि यह एक सुरक्षित, कम लागत वाली और आसानी से सहन की जाने वाली तकनीक है। अस्पताल में भर्ती होने के शुरुआती दिनों में ही जब तड़प सबसे ज्यादा होती है, तब मानक दवाओं (डिटॉक्सिफिकेशन) के साथ इसे एक सहायक उपचार के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। नशा मुक्ति केंद्रों में यह कारगर साबित हो सकता है।


