हल्द्वानी हिंसा के बाद वनभूलपुरा में मुस्लिमों पर फोकस, नगर निगम चुनाव में वोटरों पर पकड़ मजबूती को BJP कर सकती यह काम
- इससे पहले 2018 के नगर निगम चुनाव में भी भाजपा ने वार्ड 15, 24, 31, 33 से प्रत्याशी उतारे थे। मगर उस चुनाव में प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा था। दरअसल वनभूलपुरा को कांग्रेस और सपा का गढ़ माना जाता है।

नगर निगम चुनाव में एक बार फिर भाजपा ने वनभूलपुरा के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश की है। भाजपा ने चार वार्डों में पार्टी सिंबल पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। इसमें एक सीट सामान्य है।
इस वार्डों के 10 हजार से अधिक वोटरों को साधने की भी कोशिश है। हालांकि 2018 के चुनाव में भाजपा के यहां प्रत्याशी उतरे जरूर थे, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली थी। भाजपा ने वनभूलपुरा क्षेत्र के किदवई नगर(वार्ड 15), नई बस्ती वनभूलपुरा(वार्ड 26), कंपनी बाग(वार्ड 31) और गौजाजाली उत्तर(वार्ड 59) वार्ड में मुस्लिम प्रत्याशी पर भरोसा जताया है।
किदवई नगर की ओबीसी सीट से अनीश, नई बस्ती वनभूलपुरा की महिला आरक्षित सीट से तरन्नुम खान, कंपनी बाग ओबीसी सीट से जियाउद्दीन कुरैशी को मैदान में उतारा है। वहीं गौजाजाली उत्तर सामान्य सीट है, जहां इंतजार अहमद पर भाजपा ने दांव खेला है।
इससे पहले 2018 के नगर निगम चुनाव में भी भाजपा ने वार्ड 15, 24, 31, 33 से प्रत्याशी उतारे थे। मगर उस चुनाव में प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा था। दरअसल वनभूलपुरा को कांग्रेस और सपा का गढ़ माना जाता है।
जहां नगर निगम के चुनाव हो या विधायक, सांसद के चुनाव भाजपा के लिए वोट जुटाना टेढ़ी खीर माना जाता है। खुद पार्टी के एक नेता बताते हैं कि 2013 में मेयर चुनाव में यहां से महज 1900 वोट भाजपा को पड़े थे। जबकि 2018 में मिश्रित आबादी बढ़ने पर यह संख्या तीन हजार के ऊपर तक पहुंची थी।
एक बार फिर वनभूलपुरा में भाजपा ने प्रत्याशी उतारकर वोट बैंक बढ़ाने की कोशिश शुरू कर दी है। भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष महबूब अली ने कहा कि चार सीटों पर भाजपा प्रत्याशी मैदान में उतारे गए हैं। इस बार एक सामान्य सीट पर भी मुस्लिम प्रत्याशी को टिकट दिया है।
51 वार्ड में सिर्फ एक सामान्य महिला प्रत्याशी
भाजपा ने नगर निकाय चुनाव के लिए हल्द्वानी नगर निगम के 51 वार्डों के लिए प्रत्याशियों की सूची बीते शनिवार की देर रात जारी की थी। इसमें 17 वार्डों में महिला प्रत्याशी मैदान में हैं। मगर सामान्य सीटों पर सिर्फ एक ही महिला प्रत्याशी पर ही भाजपा ने भरोसा जता सकी है।
जबकि 16 वार्ड महिला आरक्षित हैं। भाजपा ने एक मात्र सामान्य सीट का टिकट हल्द्वानी तल्ली मानपुर(वार्ड 57) में महिला प्रत्याशी रुकमणि बिष्ट को दिया गया है। जबकि 37 अन्य वार्डों पर पुरुष प्रत्याशियों पर ही भाजपा ने भरोसा जताया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।