
आदि कैलास में 14 हजार फीट पर पहली बार मैराथन, माइनस 2 डिग्री तापमान में दौड़े 67 साल के बुजुर्ग
Adi Kailash Marathon: आदि कैलास क्षेत्र में 14,435 फीट की ऊंचाई पर आयोजित उत्तराखंड की पहली हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन में युवा ही नहीं, 67 साल के धावक दौड़े।
Adi Kailash Marathon: बर्फ से ढकी चोटियां, ठंडी हवाएं, माइनस में तापमान और… ऑक्सीजन भी कम, लेकिन जज्बा आसमान से ऊंचा। देशभर से पहुंचे धावक, जब रविवार सुबह ज्योलिंकांग की वादियों में दौड़ने उतरे, तो लगा मानो हिमालय खुद गवाह बना गया हो, एक नए इतिहास का। आदि कैलास क्षेत्र में 14,435 फीट की ऊंचाई पर आयोजित उत्तराखंड की पहली हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन में युवा ही नहीं, 67 साल के धावक दौड़े।

22 राज्यों के 14 से 67 साल तक के एथलीट दौड़े
अल्ट्रा मैराथन में 22 राज्यों के 14 साल 67 साल तक के करीब 700 धावकों ने हिस्सा लिया। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित अल्ट्रा मैराथन का शुभारंभ केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्यमंत्री अजय टम्टा ने किया।
महिला वर्ग में पौड़ी गढ़वाल की मीनाक्षी नेगी और पुरुष वर्ग में चमोली के लस्यारी निवासी दिगंबर सिंह ने 60 किमी अल्ट्रा मैराथन में पहला स्थान हासिल किया। दिगंबर ने चार घंटे 44 मिनट और मीनाक्षी ने पांच घंटे 43 मिनट में दौड़ पूरी की। कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं-प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, सीमांत क्षेत्रों का विकास हमारी प्राथमिकता है। अल्ट्रा मैराथन जैसे आयोजन न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देते हैं, बल्कि युवा पीढ़ी में साहसिक खेलों के प्रति उत्साह भी पैदा करते हैं। आने वाले समय में उत्तराखंड साहसिक खेलों और पर्वतीय पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनेगा।
माइनस 2 डिग्री में जज्बा
माइनस 2 डिग्री सेल्सियस तापमान में बर्फीली पहाड़ियों के बीच युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं का जज्बा देखते ही बना। अल्ट्रा मैराथन के तहत फुल मैराथन, हाफ मैराथन और फन रन का भी आयोजन कराया गया।

लेखक के बारे में
Gaurav Kalaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




