बिना नोटिस आधी रात 8000 वोटर्स बाहर कर दिए; कांग्रेस चुनाव आयोग पर भड़की
कांग्रेस का आरोप है कि 26 सितंबर की मध्य रात्रि हजारों फॉर्म-7 जारी किए और करीब 8000 वोटर बाहर कर दिए। ये वोटर्स हरिद्वार ग्रामीण, गदरपुर और विकासनगर के हैं।

उत्तराखंड में एसआईआर की प्रक्रिया के तहत 28 सितंबर को सुनवाई की अंतिम तिथि वाले दिन मध्य रात्रि को (रात 12 बजे से पहले) 7927 वोट मतदाता सूची से बाहर कर दिए गए। इसी दिन एसआईआर का सारा डेटा भी फ्रीज कर दिया गया था। अंतिम समय में की गई इस कार्रवाई पर कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराई है। पार्टी का आरोप है कि चुनाव आयोग की ओर से यह कार्रवाई नियमों के विपरीत की गई है। कांग्रेस ने इस संबंध में आयोग को एक ई-मेल और पत्र भेजकर आपत्ति दर्ज कराई है।
कांग्रेस का आरोप है कि 26 सितंबर की मध्य रात्रि को हरिद्वार ग्रामीण में 3503, विकासनगर में 2444 और गदरपुर में 1980 वोटरों को फॉर्म-7 के जरिये फॉर्म-10 के नोटिस जारी किए गए। नियमतः फॉर्म-10 जनरेट होने के बाद प्रत्येक वोटर को सुनवाई का मौका दिया जाता है, जो नहीं दिया गया। पार्टी का आरोप है कि ईआरओ एक साथ आपत्तिकर्ता, जांच करने वाला प्राधिकारी और निर्णय देने वाला प्राधिकारी नहीं हो सकता। जबकि उपरोक्त कार्रवाई ईआरओ के स्तर पर की गई है।
आखिरी रात हजारों फॉर्म 7 जेनरेट किए
पार्टी का आरोप है कि इस पूरी कार्रवाई से ऐसा प्रतीत होता है कि निर्वाचन मशीनरी ने स्वयं फॉर्म-7 जनरेट किया, उसे आपत्ति के रूप में माना, स्वयं उसकी जांच की और फिर उसी आधार पर नाम हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। इस प्रकार निर्वाचन तंत्र ही शिकायतकर्ता, जांचकर्ता और निर्णयकर्ता की भूमिका में आ गया, जो अपने ही मामले में स्वयं निर्णय लेने जैसी स्थिति उत्पन्न करता है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम और अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इस संबंध में संपर्क करने पर सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास ने कार्रवाई को नियमानुसार होना बताया है।
निर्वाचन आयोग से कांग्रेस की प्रमुख मांगें
1. विलोपित किए गए सभी मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया जाए।
2. प्रत्येक स्वतः जनरेट किए गए फार्म-7 के संबंध में उसके स्रोत, दिनांक, संबंधित प्राधिकारी और वैधानिक आधार को सार्वजनिक किया जाए।
3. निर्वाचन अधिकारी बताएं कि फार्म-7 स्वतः सृजित करने की प्रक्रिया किस वैधानिक प्रावधान के तहत अपनाई गई?
4. ईआरओ/एईआरओ/डीआरओ और सीईओ की ओर से इस पूरी प्रक्रिया पर की गई पर्यवेक्षण और जांच का विवरण सार्वजनिक किया जाए।
5. प्रदेश की अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी ऐसी ही विसंगतियों की तत्काल जांच की जाए।
जिन लोगों के नाम कटे, उनके पास पहुंची पार्टी
कांग्रेस के अनुसार हरिद्वार ग्रामीण के भाग-65 की प्रारंभिक ड्राफ्ट मतदाता सूची में लगभग 986 मतदाता थे, जिनमें से लगभग 944 ड्राफ्ट रोल में दर्ज थे। इनमें से लगभग 407 को नोटिस जारी हुए थे। इसके बाद ताजा कार्रवाई में इनमें से लगभग 123 मतदाताओं को स्वतः जनरेट हुए फार्म-7 के माध्यम से विलोपन के लिए दर्शाया गया। पार्टी ने इन 123 मतदाताओं का सत्यापन किया है, सभी मतदाता वर्तमान में संबंधित मतदान क्षेत्र में निवास कर रहे हैं, 18 वर्ष से अधिक आयु के हैं और मतदान के लिए पात्र हैं। उनका किसी अन्य स्थान पर कोई अन्य नामांकन भी नहीं है।
ईआरओ ने नहीं दिए नोटिस
कांग्रेस ने कहा कि पार्टी के बीएलए-01 तबरेज आलम ने जब संबंधित ईआरओ योगेश महरा से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि उनकी ओर से फार्म-7 की उक्त प्रविष्टियां-नोटिस जनरेट नहीं किए गए, बल्कि ये प्रविष्टियां 28 सितंबर की देर रात स्वचालित प्रक्रिया के माध्यम से दिखाई दीं।
काजी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंगलोर विधायक काजी निजामुद्दीन ने सरकार पर चुनाव प्रक्रिया में धांधली और प्रशासनिक दुरुपयोग के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव ही लोकतंत्र की बुनियाद हैं, लेकिन वर्तमान में चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। काजी ने ग्राम पंचायत, नगर निकाय, सहकारिता और छात्र संघ चुनावों के उदाहरण देते हुए आयोग और प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए। कहा कि मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर विसंगतियां सामने आ रही हैं और लक्षित तरीके से नाम काटे जा रहे हैं।
एसआईआर में गड़बड़ी के सुबूत दे कांग्रेस: भाजपा
भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि मतदाता सूची की शुचिता पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को गड़बड़ी के सुबूत देने चाहिए। बुधवार को कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए सुरेश जोशी ने कहा कि कांग्रेस को मतदाता सूची की शुचिता और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की चिंता नहीं है। बल्कि वह चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद सवाल उठाकर अपनी खिसकती राजनीतिक जमीन बचाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास जताने वाले नकारात्मक नैरेटिव को उत्तराखंड में आगे बढ़ाना कांग्रेस की हताशा को दर्शाता है।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तु दास ने कहा कि 28 सितंबर को सुनवाई का अंतिम दिन था। जिनके नाम सूची से विलोपित हुए उन्हें नोटिस जारी कर सुनवाई के तीन अवसर दिए गए। जवाब नहीं आने पर वे स्वत: ही इनविजिबल श्रेणी में दर्ज हो गए। ये लोग तीन अक्तूबर के बाद फॉर्म 6 भरकर पुन: मतदाता बन सकते हैं।

