कोबरा लेकर पेट्रोल पंप पहुंचा युवक; लोगों ने रुपए नहीं दिए तो कर दिया ये कांड, मची अफरा-तफरी
हरदोई के पाली में रुपये न देने पर पेट्रोल पंप पर कोबरा सांप छोड़ने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में युवक सांप से करतब दिखाता नजर आ रहा है। सांप देखकर पेट्रोल पंप पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरदोई के पाली कस्बे में रुपये न देने पर पेट्रोल पंप पर कोबरा सांप छोड़ने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। वायरल 65 सेकेंड के वीडियो में एक युवक हाथ में करीब एक मीटर लंबा कोबरा सांप लिए दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक सांप पर हाथ फेरता नजर आता है। इसके बाद कोबरा फन फैलाकर खड़ा हो जाता है। बताया जा रहा है कि युवक कभी सांप को गले में डाल रहा था तो कभी उसे जेब में रख लेता था।
कोबरा लेकर पेट्रोल पंप पहुंचा युवक
मामला पाली-रूपापुर मार्ग पर बरगद तिराहे के आगे स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोल पंप का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रविवार दोपहर करीब दो बजे युवक गले में कोबरा डालकर पेट्रोल पंप पहुंचा था। वह वहां मौजूद लोगों से 20-20 रुपये मांग रहा था। रुपये नहीं मिलने पर उसने कथित तौर पर कोबरा को पेट्रोल पंप परिसर में छोड़ दिया और उसके साथ करतब दिखाने लगा।
कोबरा से बचने के लिए भागे लोग
सांप को पेट्रोल पंप परिसर में देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। लोग कोबरा से बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बताया जा रहा है कि युवक ने कई बार सांप को लोगों की तरफ भी छोड़ा। काफी देर तक तमाशा करने के बाद वह कोबरा को पकड़कर जेब में रखकर मौके से चला गया।
सांप लेकर भागा युवक, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक वहां से फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने युवक के नशे में होने की बात कही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश और तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पाली थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। घटना की जांच की जाएगी और वीडियो के आधार पर युवक की पहचान का प्रयास किया जाएगा।
उरई में किशोरी ने युवक को चप्पल से पीटा
वहीं, उरई के कोंच में घर में घुसे एक युवक को किशोरी द्वारा चप्पलों से पीटने का नौ सेकेंड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में किशोरी युवक को खरी-खोटी सुनाते हुए चप्पलों से पीटती दिखाई दे रही है। हालांकि हिन्दुस्तान इस वीडियो की भी पुष्टि नहीं करता है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है।


