मंगेतर का शव देख सदमे में आई युवती; गेहूं में डालने वाली दवा खाकर दी जान, दो मौतों से मचा कोहराम
सूरज के आत्महत्या से पहले गुरुवार की दोपहर कोमल ने उसे वीडियो कॉल की थी। कॉल रिसीव नहीं हुई थी। वहीं, आत्महत्या से पहले सूरज ने मोबाइल को एयर मोड पर लगा दिया था। मृतका कोमल के शव को परिजनों ने बलाई घाट और मृतक सूरज के शव का परिजनों ने कोलुहागाड़ा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया है।

उन्नाव के अचलगंज में मंगेतर के फांसी लगाकर जान देने से सदमे में आई युवती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। युवती ने यह आत्मघाती कदम मंगेतर का शव देख घर लौटने के बाद उठाया। कुछ ही घंटों के अंतराल में दोनों की मौत से घरों में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार अचलगंज थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी संतोष की 21 वर्षीय बेटी कोमल का विवाह गौरी त्रिभानपुर गांव निवासी शिक्षामित्र महेश के 25 वर्षीय बेटे सूरज के साथ तय हुआ था। 16 फरवरी को गोद भराई हुई। नवंबर माह में शादी होनी थी।
दोनों की मोबाइल पर होती थी बात
गोद भराई की रस्म के बाद से सूरज और कोमल के बीच मोबाइल पर बात होने लगी। गुरुवार को सूरज ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इसकी सूचना राजापुर गांव पहुंची तो कोमल अपने माता-पिता के साथ गौरी त्रिभानपुर आई। मंगेतर का शव देख वह टूट गई। देर शाम वह माता-पिता के साथ गांव लौटी और गेहूं में डालने वाली दवा खा ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान देर रात कोमल की मौत हो गई।
मोबाइल पर चैटिंग की बात भी सामने आई
शुक्रवार सुबह मृतका के पिता गांव के प्रधान के साथ थाने पहुंचे और घटना की सूचना दी। बेथर चौकी से दरोगा विनय कुमार मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। अचलगंज थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। मंगेतर का शव देखने के बाद युवती के खुदकुशी करने के मामले पुलिस की जांच जारी है।
प्राथमिक जांच में दोनों के बीच मोबाइल पर बात के साथ चैटिंग होने की भी बात सामने आई। इसी चैटिंग के दौरान दोनों में विवाद हो गया और सूरज ने जान दे दी। चैटिंग को डिलीट कर दिया गया था। जिससे पुलिस की जांच उलझ गई है। पुलिस मंगेतर का मोबाइल कब्जे में लेकर छानबीन कर रही है।
सूरज को कोमल ने वीडियो कॉल की थी
थानाक्षेत्र के राजापुर गांव निवासी संतोष की बेटी कोमल का विवाह गौरी त्रिभानपुर गांव निवासी शिक्षामित्र महेश के बेटे सूरज से तय हुआ था। ग्रामीणों की चर्चा के अनुसार गोद भराई के बाद से सूरज व कोमल की फोन पर बातचीत होती रहती थी। सूरज के आत्महत्या से पहले गुरुवार की दोपहर कोमल ने उसे वीडियो कॉल की थी। कॉल रिसीव नहीं हुई थी। वहीं, आत्महत्या से पहले सूरज ने मोबाइल को एयर मोड पर लगा दिया था। मृतका कोमल के शव को परिजनों ने बलाई घाट और मृतक सूरज के शव का परिजनों ने कोलुहागाड़ा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया है।
दो अनजान नंबर में छिपा राज
बताया जा रहा है कि सूरज के मोबाइल पर दो अनजान नंबर से 15 दिन से चैटिंग की जा रही थी, जिसमें उसकी होने वाली पत्नी के विषय में भला बुरा कहकर उसे परेशान किया जा रहा था। इसकी पुष्टि सूरज का मोबाइल देखने वाला हर व्यक्ति करता रहा। बताया जा रहा है किमंगेतर के शव के पास पहुंचते ही कोमल को ले गांव की कुछेक महिलाओं ने आपत्तिजनक कानाफूसी की। वह यह कटाक्ष बर्दाश्त नहीं कर सकी और मौत को गले लगा लिया।
युवक की हैंगिंग से मौत, युवती का विसरा कराया सुरक्षित
मृतक सूरज व युवती कोमल के शव के शुक्रवार को हुए पोस्टमार्टम में हैंगिग से सूरज की मौत की पुष्टि हुई है। उधर, युवती के मौत का कारण स्पष्ट न होने पर डॉक्टर से विसरा सुरक्षित कराया है। उसके हाथ व पैर में तीन चोट के निशान भी पाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें


