प्रेमी को बुलाने की जिद पर टावर पर चढ़ी युवती; फोन पर बातचीत के बाद मानी, घंटो चला ड्रामा

लाइव हिन्दुस्तान, बेल्थरारोड (बलिया)
Follow us on Google News
share

बलिया के बेल्थरारोड में प्रेमी को बुलाने की जिद पर एक किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी को मौके पर बुलाकर दोनों की फोन पर बात कराई। प्रेमी के समझाने पर किशोरी नीचे उतर आई। पुलिस दोनों को थाने ले गई और समझाने के बाद छोड़ दिया।

बलिया में मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला

बलिया जिले के बेल्थरारोड क्षेत्र में रविवार सुबह एक किशोरी के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रेमी को बुलाने की जिद पर किशोरी गांव के एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसके प्रेमी से बातचीत कराई, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आई। बाद में पुलिस दोनों को थाने ले गई और समझाने-बुझाने के बाद छोड़ दिया। घटना उभांव थाना क्षेत्र के ससना बहादुरपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, किशोरी और एक युवक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। इसी बीच परिजनों ने किशोरी का विवाह किसी अन्य स्थान पर तय कर दिया।

मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला

बताया जा रहा है कि इस बात से नाराज किशोरी रविवार भोर में घर से निकल गई और गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब आधे घंटे बाद ग्रामीणों की नजर टावर पर खड़ी किशोरी पर पड़ी। ऊंचाई पर लड़की को देखकर लोग हैरान रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। इसी दौरान परिजन भी किशोरी की तलाश करते हुए वहां पहुंच गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पहले पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद उभांव थाने की पुलिस भी वहां पहुंच गई।

प्रेमी से फोन पर बातचीत के बाद मानी

पुलिसकर्मियों ने किशोरी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। उसने साफ कहा कि जब तक उसके प्रेमी को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी। स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस ने परिवार से किशोरी का मोबाइल नंबर लिया और उससे फोन पर बातचीत की। इसके बाद पुलिस ने युवक को भी मौके पर बुला लिया। युवक के पहुंचने पर मोबाइल फोन के जरिए दोनों की बातचीत कराई गई। प्रेमी ने किशोरी को समझाया और नीचे उतरने के लिए राजी किया।

घंटों टावर पर चढ़ी रही महिला

करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद किशोरी सुरक्षित टावर से नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस दोनों को उभांव थाने लेकर गई, जहां उनसे पूछताछ की गई। किशोरी की मां ने युवक पर बेटी को बहलाने-फुसलाने का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों को समझाया गया है और फिलहाल किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsप्रेमी को बुलाने की जिद पर टावर पर चढ़ी युवती; फोन पर बातचीत के बाद मानी