दो पक्षों के झगड़े में बीच-बचाव करना पड़ा भारी, चाकू से गोदकर युवक की हत्या
बुलंदशहर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में 21 साल के युवक की चाकू घोंपकर बेहरमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

UP Crime: यूपी के बुलंदशहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां नगर क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा में शुक्रवार रात हुए विवाद में 21 साल के युवक की चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी गई। युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया, उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। वहीं, गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
ये घटना देवपुरा क्षेत्र का है। जहां शुक्रवार रात नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव मौसमगढ़ का रहने वाला 21 साल का हनी चौधरी अपने भाई और साथियों के साथ खाना खाकर लौट रहा था। देवीपुरा में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हो रही थी। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने अचानक हनी चौधरी पर चाकू से हमला बोल दिया। चाकू के ताबड़तोड़ वार लगने से हनी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोग उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात की सूचना पर पहुंचे अफसर
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वारदात की सूचना मिलते ही आईपीएस प्रेमसुख दडिया, सीओ सिकंदराबाद प्रखर पांडे समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इस मामले में सीओ सिकंदराबाद प्रखर पांडेय का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बीच बचाव के दौरान हुई युवक की हत्या
इस मामले में एसपी सिटी बुलंदशहर अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि युवक की हत्या दो पक्षों के विवाद में बीच बचाव के दौरान हुई है। देवीपुरा में दो पक्षों में झगड़ा हो रहा था। मृतक युवक द्वारा बीच बचाव का प्रयास किया गया और उसी दौरान उस पर हमला कर दिया गया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

