
मथुरा में दिल दहला देने वाला हादसा, हाईटेंशन तार गिरने से CNG कार में लगी आग, युवक जिंदा जला
मथुरा में धनतेरस के दिन एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां शनिवार को एक चलती सीएनजी कार के ऊपर हाईटेंशन तार गिर गया। इससे कार में आग लग गई और वाहन में सवार युवक की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई।
यूपी के मथुरा से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां मांट थाना क्षेत्र में शनिवार को एक चलती सीएनजी कार के ऊपर हाईटेंशन तार गिर गया। इससे कार में आग लग गई और वाहन में सवार युवक की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
मांट थाना प्रभारी जसवीर सिंह के मुताबिक मांट राजा का रहना वाला 25 साल का अंकित अपनी कार से मांट-राया मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास अपने खेत जा रहा था। तभी कार के ऊपर हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया जिससे कार में भीषण आग लग गई और अंकित की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि कार गैस चालित होने के कारण उसमें आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, तब तक चालक की मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं, ग्रामीणों में बिजली विभाग को लेकर नाराजगी है। हाईटेंशन तार टूटने को लेकर वह विभाग के अफसरों को दोषी मान रहे हैं। साथ ही पुलिस से इस पर एक्शन लेने की मांग की।
इटावा में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया युवक
उधर, इटावा जिले में आलू की बुवाई कर रहे एक युवक को खेत में लटक रही हाईटेंशन लाइन ने अपनी चपेट में ले लिया। झुलसने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
इकदिल परमानंद का रहने वाला 30 वर्षीय विकास शुक्रवार सुबह गांव में ही खेत में मशीन की मदद से आलू की बुवाई कर रहा था। वह बुवाई मशीन पर खड़े होकर बीज डाल रहा था। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन अचानक उसके संपर्क में आ गई। तेज करंट की चपेट में आते ही विकास जोर से चीखा और तत्काल नीचे गिर पड़ा। हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। उसके कपड़े तक जल चुके थे और शरीर का एक बड़ा हिस्सा झुलस चुका था। ग्रामीणों की मदद से तुरंत उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को गंभीर बताते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।





