3 महीने नौकरी, सैलरी मांगने पर युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, पेशाब पिलाई
मेरठ के बहसूमा में बकाया वेतन मांगने पर युवक को कथित तौर पर अगवा कर बंधक बनाया गया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने पूरी रात मारपीट की, पेशाब पिलाया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मेरठ जिले के बहसूमा में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना हुई। नौकरी के बकाया रुपये मांगने पर युवक को अगवा कर बंधक बनाया और बेरहमी से पिटाई की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे पेशाब पिलाया गया और धमकी दी गई। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सदरपुर निवासी विपिन कुमार पुत्र मदन पाल सिंह ने बताया कि वह जमालपुर निवासी बॉबी पुत्र दिग्विजय सिंह तथा मोनी उर्फ तुषार के यहां लावड़ क्षेत्र में करीब तीन माह तक नौकरी करता था। 24 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर उसकी नौकरी तय हुई थी। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में आरोपियों ने वेतन देने में टालमटोल शुरू कर दी। उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। विपिन के अनुसार लगातार हो रही परेशानी से तंग आकर उसने नौकरी छोड़ दी और घर लौट आया।
पीड़ित ने कैश कराए थे चेक, भड़क गया था मालिक
आरोप है कि नौकरी छोड़ते समय उसका सामान और कुछ दस्तावेज एक साथ रखे होने के कारण दूसरे पक्ष के तीन बैंक चेक भी उसके पास आ गए। पीड़ित का कहना है कि उसने कुछ दिन पहले उन चेक को बैंक में प्रस्तुत कर एक लाख रुपये की धनराशि प्राप्त कर ली थी। चेकों के कैश होने की जानकारी मिलते ही पिछले बुधवार को आरोपी भड़क उठे। पीड़ित का आरोप है कि बॉबी और मोनी अपने कुछ साथियों के साथ उसके घर पहुंचे और हंगामा किया। विरोध करने पर आरोपियों ने विपिन को जबरन घर से उठा लिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन के साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने उसे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर पूरी रात बंधक बनाए रखा। उसके साथ मारपीट की गई और आरोपियों ने पेशाब पिलाया।
जान से मारने की धमकी भी दी
आरोपी उसे गांव के बाहर फेंककर फरार हो गए और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि उसके घर में लूटपाट भी की गई। घायल अवस्था में घर पहुंचे विपिन को परिजनों ने संभाला और बाद में पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें


