यूपी में 1700 रुपये के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस बोली- बीमारी से गई जान
अलीगढ़ में सोमवार की देर रात 1700 रुपये के विवाद में ऑटो चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। ऑटो के भाड़े के रुपयों को लेकर आरोपियों से विवाद हुआ था। पुलिस बीमारी से मौत होना बता रही है। वहीं, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।

UP News: यूपी के अलीगढ़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बन्ना देवी थाना क्षेत्र के मोहल्ला मधुमिल में सोमवार की देर रात 1700 रुपये के विवाद में ऑटो चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। ऑटो के भाड़े के रुपयों को लेकर आरोपियों से विवाद हुआ था। पुलिस बीमारी से मौत होना बता रही है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मोहल्ला मधुमिल के रहने वाले 40 साल का यामीन ऑटो चालक था। परिवार में तीन बच्चे व पत्नी है। परिजनों के अनुसार वह मोहल्ले के ही एक युवक का ऑटो किराये पर चलाता था। आरोपियों की मां किराये पर ऑटो को बुक करके ले जाती थी। जिसके 1700 रुपये बकाया निकल रहे थे। सोमवार की रात भतीजा आमिर आरोपियों के घर रुपए लेने पहंच गया। आरोपियों ने रुपये देने से इंकार किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
इसी बीच वहां पहंचे यामीन के पेट में हमलावरों ने लात मार दी। यामीन जमीन पर गिर पड़ा और अचेत हो गया। यह देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में पुलिसकर्मी यामीन को जिला अस्पताल लेकर पहंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। पत्नी की ओर से चार लोगों को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी गई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि यामीन की बीमारी से मौत होना प्रतीत हो रहा है। शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं हैं।
इंन्फेक्शन की वजह से मौत
यामीन के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं था। पुरानी चोटें लगी थीं। फेंफड़े में इंन्फेक्शन की वजह से मौत हुई है। यह खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किया गया है। विसरा पिजर्व किया गया है।
चार दिन से आ रहा था बुखार
यामीन की पिछले कई दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। चार दिन से उसे बुखार आ रहा था। परिजन एक निजी अस्पताल से उपचार करा रहे थे। सोमवार की रात भी पत्नी इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रही थी। वहीं, इस मामले एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बतायाक कि संदिग्ध परिस्थि्तियों में चालक की मौत हुई है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। वह कई दिनों से बीमार चल रहा था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

