बाइक के लिए जान की बाजी लगा दी; चलते-चलते तेंदुए के पास पहुंचा युवक, और फिर...
बहराइच के कतर्नियाघाट क्षेत्र में एक बाइक सवार के सामने अचानक तेंदुआ आ गया। घबराकर युवक की बाइक पलट गई, जिसके बाद तेंदुआ करीब 10 मिनट तक बाइक के पास बैठा रहा। युवक के नजदीक पहुंचते ही तेंदुआ जंगल में भाग गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव क्षेत्र के कतर्निया रेंज में रविवार दोपहर एक रोमांचक और हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला। बिछिया बाजार के पास तेज रफ्तार से जा रहे एक बाइक सवार के सामने अचानक तेंदुआ आ गया। तेंदुए को सामने देखकर बाइक चालक घबरा गया और ब्रेक लगाने के दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद जो दृश्य सामने आया, उसे देखकर वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। घटना सुजौली थाना क्षेत्र के बिछिया-सुजौली मार्ग पर दोपहर करीब दो बजे की है।
तेंदुआ देख युवक की बाइक पलटी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक बाइक से बिछिया बाजार से सुजौली की ओर जा रहा था। तभी अचानक सड़क पर तेंदुआ आ गया। तेंदुए को देखकर युवक के होश उड़ गए। उसने बाइक रोकने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण बाइक पलट गई। युवक अपनी जान बचाने के लिए बाइक छोड़कर विपरीत दिशा में भाग निकला। बाइक गिरने के बावजूद उसका इंजन चालू रहा और पहिया घूमता रहा। इसी बीच तेंदुआ बाइक के पास पहुंच गया और वहीं बैठकर घूमते हुए पहिए को देखने लगा। सड़क के बीच तेंदुए को बैठा देख दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहन रुक गए। लोग दूर खड़े होकर तेंदुए के हटने का इंतजार करते रहे। पूरे इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
बाइक के लिए लगा दी जान की बाजी, तेंदुए के पास पहुंचा युवक
करीब 10 मिनट तक तेंदुआ बाइक के पास ही बैठा रहा। इसी दौरान बाइक मालिक युवक अपनी गाड़ी लेने के लिए आगे बढ़ने लगा। सड़क किनारे खड़े लोग लगातार उसे आवाज देकर रोकते रहे, लेकिन युवक ने किसी की नहीं सुनी और आगे बढ़ता गया। लोगों को आशंका थी कि तेंदुआ हमला कर सकता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब युवक और तेंदुए के बीच की दूरी करीब एक मीटर रह गई, तब तेंदुए ने युवक को अपनी ओर आते देखा। इसके बाद वह अचानक उछलकर सड़क किनारे जंगल की ओर भाग गया और कुछ ही क्षणों में घने जंगल में ओझल हो गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो हो रहा वायरल
तेंदुए के जंगल में लौटते ही लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान कई लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाते रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से जंगल क्षेत्र के आसपास सावधानी बरतने और वन्यजीव दिखाई देने पर दूरी बनाए रखने की अपील की है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें


