बिना बुर्के मायके जाने पर युवक ने की बीवी और दो बेटियों की हत्या, घर में ही 9 फीट गड्ढा खोदकर दफनाया
शामली में एक युवक ने बिना बुर्का मायके जाने पर अपनी पत्नी और दो मासूम बेटियों की हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने घर के अंदर करीब 9 फीट गहरा गड्ढा खोदकर तीनों के शव दफना दिए।

यूपी के शामली से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां कांधला थाना क्षेत्र के गढ़ीदौलत में घरेलू विवाद और बिना बुर्के के मायके जाने पर पति ने अपनी पत्नी एवं दो मासूम बेटियों की हत्या कर शवों को घर में करीब नौ फीट गहरा गड्ढा खोदकर दबा दिया। छह दिन बाद मंगलवार को पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना कबूल किया। रात करीब दस बजे पुलिस ने घर में खुदाई कराकर तीनों शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम को भेजा।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ीदौलत के रहने वाले दाउद के बेटे फारुख के पांच बच्चे हैं। वह अपने पिता दाऊद से अलग मकान में रहता था। फारुख की 32 साल की पत्नी ताहिरा एवं दो बेटी 12 साल की आफरीन और 5 साल की छोटी सारीन 10 दिसंबर से लापता थीं। शक होने पर मंगवार शाम को फारुख के पिता दाऊद ने पुलिस से शिकायत की। ग्राम प्रधान ने भी लापता होने की शिकायत की। पुलिस ने फारुख को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने तीनों की हत्या कर शव को घर में दफनाना कबूल कर लिया।
इस मामले एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके गांव के फारुख की पत्नी और 2 बेटियां गायब हैं। इस पर चौकी इंचार्ज और एसएचओ ने फारुख से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह होटल में रोटी बनाने का काम करता था। करीब एक महीने पहले पत्नी पैसे मांग रही थी। इस पर विवाद हुआ था और बिना बुर्के पत्नी बच्चियों को लेकर मायके चली गई थी। इस बात को लेकर परेशान था कि इज्जत चली गई। फिर जाकर पत्नी और बच्चियों को लेकर घर लेते आया और तभी से उसे मारने का प्लान बनाया। 9-10 दिसंबर रात में पत्नी को चाय के बहाने जगाया। जैसे ही वह चुल्हे पर वह आई तो उसे गोली मार दी। गोली की आवाज पर दोनों बेटियां जाग कर बाहर आईं तो बेटी आफरीन को भी गोली मार दी। सारीन का गला घोट दिया। हत्या कर तीनों शवों को घर में गड्ढा खोदकर दबा दिया।

लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें



