
थार के बोनट पर बैठकर सिगरेट के छल्ले उड़ाता 'रीलबाज', वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने झाड़ा पल्ला
संक्षेप: सोशल मीडिया पर युवा नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। ऐसा ही कुछ कानपुर से सामने आया है। जहां रीलबाज युवक थार की गाड़ी के बोनट पर बैठकर हाथ में सिगरेट लिए छल्ले उड़ाता नजर आया। जब वीडियो वायरल हुआ तो एक्शन लेने के बजाय पुलिस पल्ला झाड़ते नजर आई।
सोशल मीडिया के जरिए दबंगई और शक्ति प्रदर्शन करने लिए युवा नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। ऐसा ही कुछ यूपी के कानपुर से सामने आया है। जहां रीलबाज युवक थार की गाड़ी के बोनट पर बैठकर हाथ में सिगरेट लिए छल्ले उड़ाता नजर आया। चौंकाने वाली बात ये है कि जब वीडियो वायरल हुआ तो एक्शन लेने के बजाय पुलिस पल्ला झाड़ते नजर आई। खैर, इस मामले क्या कार्रवाई होगी? ये अब कानपुर की पुलिस ही बता पाएगी।

दरअसल, थार गाड़ी के बोनट में बैठकर मौत का स्टंट कर रहे एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया में लगातार वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक हाथ में सिगरेट लेकर छल्ला उड़ा रहा है, जबकि उसके दो साथी दाएं और बाएं साइड की विंडो पकड़े नजर आ रहे है। इतना ही नहीं रीलबाज युवक बैक ग्राउंड में 'लफड़े हजार खून सिर पे सवार चढ़ा इनाम पे इनाम ... बवाल ये है नरसंहारठ जैसे गाना लगाकर अपना शक्ति प्रदर्शन कर रहे है। वीडियो रेलबाजार और कैंट सीमा में स्थित शिव नारायण टंडन सेतु का बताया जा रहा है।
कानपुर पुलिस पर सवालिया निशान खड़े कर रहे यूजर्स
मामले में रीलबाज युवकों द्वारा खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाता देख जहां कुछ सोशल मीडिया यूजर्स कानून व्यवस्था को लेकर कानपुर पुलिस पर सवालिया निशान खड़ा कर रहे हैं। वहीं, कुछ अफसरों से भारी चालान के साथ आरोपितों को सबक सिखाने की बात कहते नजर आ रहे है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
एक-दूसरे के पाले में गेंद फेंक रहे थाना प्रभारी
वहीं, इस मामले में कैंट और रेलबाजार थाना प्रभारी अपने थाना क्षेत्र की घटना न कहते हुए एक-दूसरे के पाले में की गेंद फेंक रहे है। अब देखना होगा कि जांच के दौरान किस थाना क्षेत्र की पुलिस किस तरह और कब वायरल वीडियो के तहत कार्रवाई करती है?





