दिल्ली के युवक ने आगरा में सुसाइड किया, होटल में खुद को मारी गोली; पिस्टल और चाकू मिला

हिन्दुस्तान, मुख्य संवाददाता, आगरा
Follow us on Google News
share

आगरा के ताजगंज स्थित होटल एप्पल इन की छत पर दिल्ली निवासी 49 वर्षीय फराज अहमद का शव मिला। उसने कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। शव के पास पिस्टल और चाकू बरामद हुआ। फराज अपने छोटे भाई के साथ होटल में ठहरा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

firing

आगरा के टीडीआई मॉल (ताजगंज) के पीछे होटल एप्पल इन में रविवार की दोपहर एक युवक ने कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मूलत: दिल्ली निवासी फराज अहमद 20 मई से अपने छोटे भाई के साथ होटल में रह रहा था। होटल की छत पर पानी की टंकी के पास उसका शव मिला। पास में पिस्टल और एक चाकू पड़ा हुआ था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। खुदकुशी की वजह साफ नहीं हो सकी है। दोपहर करीब पौने तीन बजे 112 नंबर पर सूचना मिली थी। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि 49 वर्षीय फराज अहमद मूलत: सीतापुरी, पंखा मार्ग साउथ वेस्ट दिल्ली का निवासी था। 20 जून को अपने छोटे भाई तारिक अहमद के साथ होटल एप्पल इन में आया था। होटल में अपनी आईडी देकर कमरा नंबर 201 लिया। दिन में सफाई करने वाला एक किशोर होटल की छत पर गया था। पानी की टंकी तक जाने के लिए लोहे की सीढ़ियां हैं। किशोर वहां गया तो उसके होश उड़ गए।

मौके के पास से पिस्टल और चाकू बरामद

एक शव और खून पड़ा था। सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर मिले पिस्टल व चाकू को कब्जे में लिया। फराज अहमद की कनपटी पर गोली लगी थी। तलाशी में फराज का मोबाइल उसके पास मिला। उसे भी कब्जे में लिया गया। पुलिस ने तारिक अहमद से पूछताछ की। वह ज्यादा कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। उससे बातचीत में पुलिस को लगा कि उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। उसने सिर्फ इतना बताया कि भाई टहलने के लिए निकले थे। उसके बाद उसे कुछ नहीं पता। पुलिस ने होटल कर्मचारियों से पूछताछ की। होटल कर्मचारियों ने बताया कि फराज ने यह बताया था कि आगरा में जमीन का कोई विवाद चल रहा है। उसकी पैरवी के लिए आगरा आया है। छोटा भाई तारिक अहमद कम ही बोलता है। उसकी हरकतें भी अजीब हैं। ऐसा लगता है कि उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। 800 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से फराज अहमद ने कमरा किराए पर लिया था। रविवार को अवकाश की वजह से दोनों भाई कहीं बाहर नहीं गए थे।

मोबाइल खंगाल रही है पुलिस

पुलिस को छानबीन में पता चला कि दोनों भाई अविवाहित हैं। माता-पिता का इंतकाल हो चुका है। पुलिस फराज अहमद का मोबाइल खंगाल रही है। शायद कोई सुराग मिल जाए। फिलहाल पुलिस को यह भी पता नहीं चला है कि दोनों भाई किस जमीन के मुकदमे की पैरवी के लिए एक माह से आगरा में रह रहे थे।

किसी ने नहीं सुनी गोली की आवाज

पुलिस को छानबीन में पता चला कि होटल में किसी ने गोली की आवाज नहीं सुनी थी। होटल में सफाई करने वाला किशोर छत पर नहीं जाता तो खुदकुशी की जानकारी भी नहीं हो पाती। पुलिस को घटना स्थल पर मिला खून ताजा प्रतीत हुआ। यह देख पुलिस आशंका जता रही है कि सूचना से करीब एक घंटे पहले खुदकुशी की गई होगी।

सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस

पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। यह देख रही है कि फराज अहमद कितने बजे अपने कमरे से निकला। कितने बजे ऊपर की तरफ गया था। जिस जगह शव मिला उस जगह कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है, इसलिए यह पता चलना असंभव है कि उसने कितने बजे कनपटी पर गोली मारी थी। घटना के पीछे कोई और मामला तो नहीं, पुलिस यह भी देख रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो जाएगा कि फराज ने खुद को गोली मारी या कुछ और मामला है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsदिल्ली के युवक ने आगरा में सुसाइड किया, होटल में खुद को मारी गोली; पिस्टल मिली