प्यार में नाकाम तो आधी रात को टावर पर चढ़ा युवक; कूदने की धमकी दी, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
बिजनौर के स्योहारा में प्रेम प्रसंग में नाकाम युवक फैजान आलम आधी रात मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटों समझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। युवक को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।

बिजनौर जिले के स्योहारा क्षेत्र में एक युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से देर रात हड़कंप मच गया। प्रेम प्रसंग में असफलता से परेशान युवक ने टावर से कूदने की धमकी दी, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना स्योहारा थाना क्षेत्र के अलादीनपुर गांव की है। बताया गया कि बुढ़नपुर गांव निवासी फैजान आलम शुक्रवार रात करीब 12 बजे प्रेम संबंध में निराश होकर गांव में लगे एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
कई घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद स्योहारा थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। रात का समय होने और युवक के बार-बार कूदने की धमकी देने के कारण स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी। पुलिस ने जल्दबाजी करने के बजाय धैर्य और सूझबूझ से काम लिया। थाना प्रभारी संजय कुमार ने सिपाही अमजद खान और कुछ स्थानीय लोगों की मदद से टावर पर चढ़कर युवक से बातचीत शुरू की। इस दौरान पुलिसकर्मी लगातार उसे समझाते रहे और सुरक्षित नीचे आने के लिए मनाते रहे।
युवक के उतरने पर लोगों ने ली राहत की सांस
कई घंटों तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस युवक का भरोसा जीतने में सफल रही। आखिरकार फैजान टावर से नीचे उतर आया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने युवक के परिजनों को भी थाने बुलाया है। अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। समय रहते पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।


