सीएम योगी के चैलेंज पर आया सपा प्रमुख अखिलेश यादव का जवाब, क्या अयोध्या में होगा सीधा मुकाबला?
Yogi Vs Akhilesh before UP Elections: अयोध्या को लेकर सीएम योगी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक-दूसरे को चैलेंज किया है। शनिवार को बलरामपुर की धरती से सीएम योगी ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को आमने-सामने के मुकाबले का ऑफर दे दिया। अब सपा मुखिया का इस पर जवाब आया है।

Yogi Vs Akhilesh before UP Elections: अयोध्या को लेकर एक बार फिर भाजपा और सपा के बीच सियासी तलवारें खिंच गई हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक-दूसरे को चैलेंज दे दिया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या अयोध्या में सच में आमने-सामने का ये मुकाबला हो सकता है? इस चैलेंज की शुरुआत अखिलेश ने की। दो दिन पहले अयोध्या पहुंचे अखिलेश ने कहा कि भाजपा को अयोध्या से चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं मिल रहा है। सीएम यदि अपने दावों को लेकर इतने आश्वस्त हैं तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर देखें। इस पर शनिवार को सीएम योगी ने बलरामपुर की धरती से सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को सीधे मुकाबले की चुनौती देकर सियासी पारे को चढ़ा दिया। सीएम ने दो टूक कहा कि अखिलेश आएं,अयोध्या से अपना नामांकन करें, मैं भी करूंगा। किस्मत आजमा लेते हैं मगर लड़ाई सीधे होगी, चेलों से नहीं। सीएम के इस तेवर ने सियासी हलकों में हलचल बढ़ा दी। कुछ समय बाद ही अखिलेश ने भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ के जरिए अपना जवाब दिया।
अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर लिखा-‘पवन का झोंका आएगा, अंहकार सब उड़ जाएगा, अयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरों को हराने के लिए हमारा एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफ़ी है। चोरों को क्लीन चिट देनेवाले दरअसल हिस्सेदार होते हैं। दूध का दूध, पानी का पानी तो हुआ नहीं, इस बार जनता घमंड का सारा पानी उतार देगी। लोकसभा भूल गये क्या? और बाक़ी कसर अयोध्या की वो माताएं पूरा कर देंगी जिन्होंने सरेआम दुखी माँ का अपमान करते हुए दुर्व्यवहारी दंभियों को देखा है। अपने इंटर्नल सर्वे में आपको ये बात पता चली कि नहीं कि अयोध्या में आपकी तरफ़ से कोई चुनाव नहीं लड़ना चाहता है। पावन स्थलों पर वनस्पतिजीवियों का कोई काम नहीं।’
इस पोस्ट के दो घंटे बाद अखिलेश यादव एक और पोस्ट की। इसमें उन्होंने अयोध्या के पूर्व विधायक पवन पांडेय का एक वीडियो भी शेयर किया जिसमें वह भाजपा पर हमला बोलते सुनाई पड़ रहे हैं। इस पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा- ‘अयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरों को हराने के लिए हमारा एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफ़ी है। चोरों को क्लीन चिट देनेवाले दरअसल हिस्सेदार होते हैं। दूध का दूध, पानी का पानी तो हुआ नहीं, इस बार जनता घमंड का सारा पानी उतार देगी।’
बलरामपुर में सीएम बोले-बबुआ बौखला गए हैं
बलरामपुर में 803 करोड़ की लागत से 78 परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने पिछले दिनों सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की ओर से अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती को स्वीकार करते हुए करारा जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि सपा के बबुआ बौखला गए हैं। वह कहते हैं कि मैं अयोध्या से चुनाव लड़ूं। हम अखिलेश की चुनौती को स्वीकार करते हैं, बशर्ते वह खुद अयोध्या से अपना नामांकन करें। लड़ाई आमने-सामने होगी, चेलों से नहीं। मगर इनकी हिम्मत नहीं है, माफिया के कब्र पर फातिहा पढ़ने वाले हमसे क्या लड़ पाएंगे।

