स्मार्ट प्रीपेड मीटर की गड़बड़ियों पर बड़ा ऐक्शन, योगी सरकार ने कंपनियों के भुगतान पर लगाई रोक

Apr 20, 2026 08:04 am ISTYogesh Yadav लखनऊ, विशेष संवाददाता
share

स्मार्ट प्रीपेड मीटरों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए योगी सरकार ने मीटर लगाने वाली कंपनियों के भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने समीक्षा बैठक में कंपनियों को फटकार लगाते हुए कहा कि जब तक उपभोक्ता पूरी तरह संतुष्ट नहीं होते, एक भी पैसा जारी नहीं किया जाएगा।

स्मार्ट प्रीपेड मीटर की गड़बड़ियों पर बड़ा ऐक्शन, योगी सरकार ने कंपनियों के भुगतान पर लगाई रोक

स्मार्ट प्रीपेड मीटरों की लगातार शिकायतों और गुणवत्ता की जांच के लिए समिति का गठन करने के बाद योगी सरकार ने बड़ा ऐक्शन लिया है। स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनियों के भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने रविवार को स्मार्ट मीटर के कामों की समीक्षा बैठक में कहा कि मीटर लगाने वाली कंपनियों ने अपना काम ईमानदारी और निष्ठा से नहीं किया। इसका खामियाजा जनता भुगत रही है। जब तक हमारे उपभोक्ताओं को शत प्रतिशत संतुष्टि न हो जाए तब तक इन्हें एक नए पैसा का भुगतान न किया जाए।

स्मार्ट मीटर को लेकर तमाम तरह की शिकायतें आ रही हैं। इनकी गुणवत्ता की जांच के लिए विशेषज्ञों की समिति भी बना दी गई है। साथ ही पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदलने पर रोक भी लगा दी गई है। इसके बाद रविवार को मंत्री मीटर लगाने वाली कंपनियों से रविवार को बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभियंताओं ने मुझे तमाम मैसेज भी दिखाए, जिसमें वे पैसा जमा हो जाने के बाद कनेक्शन जोड़ने की दरख्वास्त मीटर कंपनियों से करते रहे। बावजूद इसके मीटर कनेक्शन समय से नहीं जोड़े जा रहे।

Voice of UP 🎤: यूपी का सबसे बड़ा Talent Contest— Register करो, talent दिखाओ ✨ Download App

इस भीषण गर्मी में किसी का बिजली कनेक्शन भुगतान के बाद भी कई घंटे न जुड़े तो यह उपभोक्ताओं के साथ अन्याय और उनपर अत्याचार है। मंत्री ने कहा कि मीटर कंपनियों को उपभोक्ताओं से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें तो बस मीटर लगाने हैं और हमसे पैसा लेना है। परेशानी हमें सुननी पड़ती है। छवि विभाग की धूमिल हो रही है। लिहाजा इनका भुगतान रोक दिया जाए। मंत्री ने कहा कि मीटर कंपनियों ने हमारे सिस्टम को एक तरह से धोखा दिया है। कंपनियों ने इस तरह की कोई व्यवस्था नहीं की है कि उपभोक्ताओं द्वारा शुल्क भुगतान के बाद तत्काल प्रभाव से उनका कनेक्शन जुड़ जाए।

अभियंता के पास बैठें मीटर कंपनियों के कर्मी

मंत्री ने कहा कि मीटर काटने और जोड़ने का पूरा काम मीटर लगाने वाली कंपनियों के पास है। वे दूर बैठते हैं। हमारे अभियंताओं की नहीं सुनते। कभी पैसा जमा होने के दो घंटे बाद, कभी चार घंटे बाद और कभी छह घंटे बाद ये कनेक्शन जोड़ते हैं। इनके बैठने का प्रबंध हमारे मुख्य अभियंता के आसपास ही किया जाए, ताकि वे सीधे तौर पर बात कर सकें और इनके काम की निगरानी कर सकें। हमें उपभोक्ताओं की समस्या बिल्कुल बर्दाश्त नहीं है। इस बात का ध्यान रखा जाए।

45 दिन तक नहीं कटेंगे कनेक्शन

मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि जहां स्मार्ट मीटर अभी तत्काल में लगे हैं, वहां लगभग 15 दिन की कन्वर्जन अवधि और उसके बाद 30 दिन यानी कुल 45 दिन तक किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। जीरो बैलेंस होने की स्थिति में भी दो किलोवॉट का कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं का ₹200 यूनिट और अधिकतम 3 दिन तक विद्युत आपूर्ति न रोकी जाए। मंत्री ने उपभोक्ताओं को एसएमएस के माध्यम से समय-समय पर अलर्ट देने समेत अन्य निर्देश भी दिए हैं। मंत्री ने गर्मी को देखते हुए अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि अगर कहीं ट्रांसफॉर्मर फुंकें तो ट्रांसफॉर्मर बदलने में देरी न की जाए। ढीले तारों और स्पार्किंग की समस्याओं को तत्काल ठीक किया जाए।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।