
बच्चे की मौत लेकर विवादित बयान देने वाली सीएमओ पर योगी सरकार का ऐक्शन, रश्मि वर्मा हटाई गईं
यूपी में नवजात बच्चे की मौत लेकर विवादित बयान देने वाली गोंडा की सीएमओ पर योगी सरकार ने ऐक्शन लिया है। गोंडा की सीएमओ रश्मि वर्मा को हटा दिया गया है। उनकी जगह संतलाल पटेल को गोंडा का नया सीएमओ बनाया गया है।
यूपी में नवजात बच्चे की मौत पर विवादित बयान देने वाली गोंडा की मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) रश्मि वर्मा पर ऐक्शन हुआ है। योगी सरकार ने रश्मि वर्मा को हटा दिया है। उनकी जगह संतलाल पटेल को गोंडा का नया सीएमओ बनाया गया है। बताया जा रहा है कि सीएमओ रश्मि वर्मा के खिलाफ पिछले कुछ महीनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। विभागीय स्तर पर उनके कार्यों को लेकर नाराज़गी की स्थिति बनी हुई थी और उनके हटाए जाने की चर्चाएं लंबे समय से चल रही थीं। हालांकि, विवाद का असली कारण उनका वह वीडियो बना, जिसमें वे एक नवजात की मौत पर विवादित टिप्पणी करती नजर आई थीं।
प्रादेशिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के संयुक्त निदेशक ग्रेड के अधिकारी संतलाल अभी वरिष्ठ चिकित्साधिकारी के पद पर तैनात थे। शुक्रवार को चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग की सचिव रितु माहेश्वरी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। रश्मि वर्मा को शिकायतों के चलते हटाया गया है। नाराजगी के कारण बीते काफी समय से उन्हें हटाए जाने की चर्चाएं थीं।
रश्मि ने दिया था यह बयान
दरअसल, बीते माह गोंडा के एक बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे अस्पताल में नवजात की मौत पर सीएमओ रश्मि वर्मा का विवादित वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वो हंसते हुए यह कहते दिखाई दी थीं कि एक बच्चा मर गया तो उसके लिए सब आ गए, हजार जिंदा हैं तो वहां लड्डू खाने भी जाओ न। हालांकि बवाल होने पर उन्होंने बाद में इस बयान के लिए माफी मांग ली थी। अब रश्मि वर्मा को चिकित्सा स्वास्थ्य महानिदेशालय में जेडी ऑफिस से संबद्ध किया गया है।





