
योगी सरकार ने पेश किया 24496 करोड़ का अनुपूरक बजट, सपा का वॉक आउट
उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 24496.9 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट विधानसभा में पेश किया। वहीं इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने सदन में हंगामा किया और नारेबाज़ी की।
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने सोमवार को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश किया। सरकार की तरफ़ से वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार 24 496.9 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश करती है।
सदन में बजट प्रस्तुत करते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार ने हमेशा अपने विजन के अनुसार ही काम किया है। सरकार ने अनुपूरक बजट को चर्चा के लिए सदन के पटल पर रखा। इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने सदन में जमकर हंगामा किया और सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी की। बजट प्रस्तुत होने से पहले ही समाजवादी पार्टी के सदस्य सदन से वाकआउट कर गए।
बजट में औद्योगिक विकास के लिए 4874 करोड़ रुपये, बिजली के क्षेत्र के लिए 4521 करोड़ रुपये, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण के लिए 3500 करोड़ रुपये और तकनीकी शिक्षा के लिए 639.96 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा चिकित्सा शिक्षा के लिए 423.10 करोड़ रुपये, गन्ना-चीनी क्षेत्र के लिए 400 करोड़ रुपये, नगर विकास के लिए 1,752 करोड़ रुपये और नेडा (नोएडा विकास प्राधिकरण) के लिए 500 करोड़ रुपये रखे गए हैं। यह अनुपूरक बजट मूल बजट का 3.30% है और इसे रेवेन्यू सरप्लस बजट के रूप में पेश किया गया है। राज्य का GSADP 31914 करोड़ रुपये है।
नेता प्रतिपक्ष ने कफ सिरप का उठाया मुद्दा
विधानसभा सत्र की शुरुआत में प्रश्नकाल के समय नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा, “कोडीन का मामला पूरे प्रदेश में जाल की तरह फैला है और यह बहुत दिनों से चल रहा है, डब्लूएचओ ने भी इसका संज्ञान लिया है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके सेवन से सैकड़ों बच्चों की जान गई है और हजारों करोड़ रुपये का धंधा भी हुआ है। इसकी जानकारी सरकार को पहले हो जानी चाहिए थी। सरकार के पास इंटेलिजेंस है, सरकार के पास खुफिया एजेंसियां हैं, इनको पहले इसकी जानकारी हो जाती और उस हिसाब से कार्रवाई की गई होती तो सैकड़ों बच्चों की जान को बचाया जा सकता था।

लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें



