यूपी के सभी DM को योगी सरकार का आदेश, 24 घंटे में करें यह काम; किसी स्तर पर न हो लापरवाही

Ajay Singh लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

प्रदेश के जिलाधिकारियों को जारी निर्देश में कहा गया है कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुये फसल क्षति का आकलन कराते हुए 24 घंटे के अंदर प्रभावित किसानों को राहत राशि का वितरण करना सुनिश्चित करें। प्रमुख सचिव राजस्व ने कहा है कि जनहित के कामों में किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही क्षम्य नहीं।

यूपी के सभी DM को योगी सरकार का आदेश, 24 घंटे में करें यह काम; किसी स्तर पर न हो लापरवाही

UP News: उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान को लेकर योगी सरकार ऐक्शन मोड में है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद अधिकारियों को किसानों के नुकसान की भरपाई जल्द से जल्द करने के निर्देश दे रखे हैं। शनिवार को प्रमुख सचिव राजस्व ने इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को जारी निर्देश में कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुये फसल क्षति का आकलन कराते हुए 24 घंटे के अंदर प्रभावित किसानों को राहत राशि का वितरण करना सुनिश्चित करें। प्रमुख सचिव राजस्व अपर्णा यू ने कहा कि जनहित के कामों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं। राहत राशि वितरण के कामों में शिथिलता बरतने पर लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्यवाही करने के भी निर्देश उन्होंने दिए हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गये निर्देशों के क्रम में बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों और प्रभावित परिवारों को राहत राशि का वितरण सुनिश्चित करने हेतु प्रमुख सचिव राजस्व श्रीमती अपर्णा यू ने शनिवार को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारी बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान के कारण हुए फसल क्षति का आकलन कराते हुए 24 घंटे के अंदर प्रभावित किसानों को राहत राशि का वितरण करना सुनिश्चित करें। प्रमुख सचिव राजस्व द्वारा शनिवार को लाल बहादुर शास्त्री भवन स्थिति सभागार में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान से हुए फसल क्षति, जनहानि, मकान क्षति, पशुहानि इत्यादि पर दिये गये राहत राशि वितरण की समीक्षा की गयी। उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों, समस्त अपर जिलाधिकारी राजस्व सहित राजस्व व राहत कार्मिकों को संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता पर राहत कार्यो को पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया।

Voice of UP

राहत वितरण के लिए बजट की कोई कमी नहीं

उन्होंने कहा कि राहत राशि जारी किये जाने के लिए शासन में बजट की कोई कमी नहीं है। राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा 15 मार्च, 2026 से अब तक 20 करोड़ रुपए की राहत धनराशि जनपदों को निर्गत की गई है। उन्होंने कहा कि अगर किसी जनपद में बजट की कोई कमी हो तो वे तत्काल इसकी मांग राहत आयुक्त कार्यालय से कर लें। उन्होंने जिलाधिकारियों को प्रत्येक प्रभावित परिवारों के मध्य राहत राशि का वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। प्रमुख सचिव ने राहत राशि वितरण कार्यों में शिथिलता बरतने पर लापरवाह कार्मिक के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्यवाही करने का निर्देश दिया।

इस नंबर पर दर्ज करा सकते हैं शिकायत

प्रमुख सचिव राजस्व ने जनसामान्य से अपील की कि राहत राशि प्राप्त करने में कठिनाई होने पर राहत आयुक्त कार्यालय में संचालित टोल फ्री नम्बर पर 1070 पर शिकायत दर्ज करायें।

मौसम विभाग ने जारी की है ये चेतावनी

प्रमुख सचिव ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च तक विभिन्न जनपदों में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान आने की चेतावनी जारी की गयी है ऐसी स्थिति में जनसामान्य सतर्क रहते हुए सावधानी पूर्वक अपने कार्यों को करें। उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में जनसामान्य के मध्य खराब मौसम से संबंधित सूचनाओं को विभिन्न माध्यमों से प्रसारित कराने का निर्देश दिया।

अब तक हुई है ये हानि

उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारियों से प्राप्त सूचना के अनुसार 15 मार्च, 2026 से 28 मार्च, 2026 तक बेमौसम बारिश में कुल 17 जनहानि, 11 पशुहानि तथा सहारनपुर और ललितपुर में 1661.75 हेक्टेयर फसल क्षति हुयी है। प्रमुख सचिव राजस्व ने बताया कि राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा रेड एलर्ट, ऑरेंज एलर्ट तथा यलो एलर्ट जनपदों में खराब मौसम संबंधी सूचनाओं को सचेत एप के माध्यम से लगभग 13 करोड़ मैसेज भेजकर जनसामान्य को जागरूक किया गया।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।