
यूपी के मिर्जापुर, हरदोई समेत 9 जिलों में योगी सरकार करने जा रही बड़ा काम, कैबिनेट से मिली मंजूरी
यूपी के मिर्जापुर, हरदोई समेत 9 जिलों में योगी सरकार बड़ा काम करने जा रही है। इन जिलों में 12 औद्योगिक इकाईयां लगाई जाएंगी। विभिन्न क्षेत्रों में 15189 करोड़ रुपये का निवेश होगा।
यूपी में योगी सरकार मिर्जापुर और हरदोई समेत नौ जिलों में बड़ा काम करने जा रही है। इन जिलों में 12 औद्योगिक इकाईयां लगाई जाएंगी। विभिन्न क्षेत्रों में 15189 करोड़ रुपये का निवेश होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। उप्र औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति के आधार पर उच्च स्तरीय प्राधिकृत समिति के आधार पर यह मंजूरी दी गई।
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नन्दी ने बताया कि अर्थस्टार वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड को मिर्जापुर में 549.26 करोड़ की लागत से आयरन एवं स्टील प्लांट लगाएगी। अपोलो कोटेड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड सिकंदराबाद बुलंदशहर में 350 करोड़ से कोल्ड रोलिंग मिल, हल्दीराम स्नैक्स मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड हरदोई में 349.27 करोड़ की लागत से स्नैक्स प्लांट लगाएगी। श्री भवानी पेपर मिल्स लिमिटेड रायबरेली में 305 करोड़ से पेपर मिल, ड्रीमटेक इलेक्ट्रानिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ग्रेटर नोएडा में 414.88 करोड़ से प्रिंटेड सर्किट बोर्ड प्लांट, एसीसी लिमिटेड सलाई बनवा ग्रीनफील्ड ग्राइडिंग यूनिट सोनभद्र में 803 करोड़ से सीमेंट फैक्ट्री, एनएसएल रिन्यूएबल पावर प्राइवेट लिमिटेड मेरठ में 4,499.51 करोड़ से सोलर इंटिग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग पार्क बनाएगी। इनको इसके लिए लेटर ऑफ कंफर्ट (एलओसी) जारी करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
अलीगढ़ के कासिमपुर में 628 करोड़ से सीमेंट फैक्ट्री मंजूरी
उन्होंने बताया कि अम्बर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड गौतमबुद्धनगर के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में 3.53 करोड़ की से उपभोक्ता इलेक्ट्रानिक्स प्लांट, एसेंटके सर्किट गौतमबुद्धनगर में 3.25 करोड़ से पीसीवी एवं सेमी कंडक्टर प्लांट को मंजूरी मिली है। इसके अलावा स्वरूप स्टील इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र में 266.70 करोड़ से टीएमटी स्टील्स प्लांट को स्वीकृति मिली है। अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड अलीगढ़ के कासिमपुर में 628 करोड़ से सीमेंट फैक्ट्री व अम्बा शक्ति स्टील्स मुजफ्फरनगर में 241.50 करोड़ से स्टील उत्पादन शुरू करेगी। इन्हें भी एलओसी देने की स्वीकृति प्रदान की गई।
आजमगढ़ में नई आवासीय योजना लाने के लिए 100 करोड़
राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण नए शहर प्रोत्साहन योजना में आजमगढ़ विकास प्राधिकरण को नई आवासीय योजना लाने के लिए 100 करोड़ रुपये दिए हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला हुआ। इसके मुताबिक आजमगढ़ विकास प्राधिकरण कोटिला परगना निजामाबाद में आवासीय योजना लाएगा। भूमि अधिग्रहण के लिए उसे 194 करोड़ रुपये की जरूरत है। सीड कैपिटल के आधार पर उसे 100 करोड़ रुपये पहली किस्त के रूप में दिया गया है। योजना के लिए भूमि लेने पर आने वाले खर्च का 50 प्रतिशत तक खर्च राज्य सरकार की ओर से विकास प्राधिकरणों को सीड कैपिटल के रूप में दिया जा रहा है। अधिकतम 20 वर्ष के लिए यह पैसा विकास प्राधिकरणों को दिया जा रहा है, इसके बाद उन्हें इसे वापस करना होगा।





