नोएडा बवाल: योगी सरकार ने न्यूनतम मजदूरी बढ़ाई, इससे कम सैलरी नहीं दे सकेंगी कंपनियां

Yogesh Yadav लखनऊ, विशेष संवाददाता
share

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में अंतरिम वृद्धि की घोषणा की है। प्रदेश में तीन श्रेणियों का ऐलान किया गया है। सबसे ज्यादा वेतन नोएडा और गाजियाबाद में होगा।

नोएडा में हुए बवाल के बाद योगी सरकार ने श्रमिकों के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित हाई पावर कमेटी की सिफारिश पर सरकार ने न्यूनतम मजदूरी में अंतरिम वृद्धि का ऐलान किया है। इसे तीन श्रेणियों में बांटा गया है। नोएडा-गाजियाबाद, नगर निगमों वाले शहरों और प्रदेश के अन्य जिलों के लिए बढ़ी हुई अंतरिम दरें तय कर दी गई हैं। इससे कम सैलरी कंपनियां नहीं दे सकेंगी। इन्हें एक अप्रैल से प्रभावी माना जाएगा। वहीं सरकार ने सोशल मीडिया पर श्रमिकों का न्यूनतम वेतन 20 हजार रुपये प्रतिमाह तय होने की वायरल खबर को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है।

प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की सूचनाएं लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से फैलायी जा रही हैं। वहीं सरकार ने अंतरिम वेतन बढ़ाए जाने संबंधी आदेश भी जारी कर दिया। सरकार के अनुसार भारत सरकार नई श्रम संहिताओं के तहत राष्ट्रीय स्तर पर न्यूनतम फ्लोर वेज निर्धारित करने की प्रक्रिया में है, जिसका उद्देश्य पूरे देश में श्रमिकों के लिए एक समान न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करना है।

Voice of UP

इसी क्रम में राज्य सरकार भी नियोक्ता संगठनों, श्रमिक संगठनों और अन्य हितधारकों के साथ व्यापक विचार-विमर्श कर रही है। उनसे प्राप्त सुझावों का परीक्षण किया जा रहा है। हाल ही में प्रदेश में न्यूनतम वेतन की दरें अधिसूचित की गई हैं। इसके तहत अकुशल श्रमिकों के लिए मासिक वेतन 11313.65 रुपये और दैनिक मजदूरी 435.14 रुपये तय की गई है।

अर्धकुशल श्रमिकों के लिए मासिक 12446 रुपये और दैनिक 478.69 रुपये निर्धारित है, जबकि कुशल श्रमिकों के लिए मासिक 13940.37 रुपये और दैनिक 536.16 रुपये तय किए गए हैं। नई श्रम संहिताओं की नियमावली फिलहाल प्रख्यापन की प्रक्रिया में है। सभी पक्षों से विचार-विमर्श के बाद सरकार ने न्यूनतम वेतन में तात्कालिक रूप से अंतरिम वृद्धि किए जाने का फैसला लिया है। सरकार द्वारा आगामी माह में गठित होने वाले वेज बोर्ड की सिफारिशों के आधार पर न्यूनतम वेतन निर्धारित करने की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। इस संबंध में सोमवार देर रात आदेश भी जारी कर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने की शांति की अपील

मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें। साथ ही नियोक्ता संगठनों को निर्देश दिया गया है कि वे श्रमिकों को समय पर वेतन, ओवरटाइम भुगतान, साप्ताहिक अवकाश, बोनस और सामाजिक सुरक्षा के सभी अधिकार सुनिश्चित करें। कार्यस्थल पर महिला श्रमिकों की सुरक्षा और सम्मान बनाए रखें। सरकार ने अराजक तत्वों द्वारा की जा रही गैरकानूनी गतिविधियों की निंदा करते हुए ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

नोएडा बवाल: योगी सरकार ने न्यूनतम मजदूरी बढ़ाई, इससे कम सैलरी नहीं दे सकेंगी कंपनियां

इस तरह होंगी नई दरें

नोएडा गाजियाबाद के लिए

अकुशल को पहले 11313 रुपए अब 13690

अर्धकुशल को पहले 12445 रुपए अब 15059

कुशल को पहले 13940 रुपए अब 16868

अन्य नगर निगमों के लिए

अकुशल को पहले 11313 रुपए अब 13006

अर्धकुशल को पहले 12445 रुपए अब 14306

कुशल को पहले 13940 रुपए अब 16025

अन्य जनपदों के लिए

अकुशल को पहले 11313 रुपए अब 12356

अर्धकुशल को पहले 12445 रुपए अब 13591

कुशल को पहले 13940 रुपए अब 15224

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।