नरेंद्र मोदी के नाम पर होगा नोएडा जेवर एयरपोर्ट, सेवा के 25 साल पर योगी सरकार का फैसला
यूपी के सबसे बड़े नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम पीएम मोदी के नाम पर होगा। शुक्रवार को योगी कैबिनेट ने इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दिया।

नोएडा के जेवर में बना अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर होगा। योगी कैबिनेट ने शुक्रवार को इस बारे में लाए गए प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। इसका ऐलान खुद सीएम योगी ने कैबिनेट की बैठक के बाद किया। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर सात अक्टूबर के दिन को गौरवशाली इतिहास के रूप में दर्ज किया गया है। पीएम के नेतृत्व में यूपी का विकास हुआ है। 42 नए हाईवे बनाए गए हैं।
कैबिनेट के इस फैसले की जानकारी देने खुद सीएम योगी मीडिया के सामने पहुंचे। उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा सहयोगी दलों के नेता भी मौजूद रहे। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने आज पीएम मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष के अविराम यात्रा का अभिनदंन करते हुए उनके सम्मान में यह प्रस्ताव पारित किया है। यूपी कैबिनेट मोदी का हार्दिक अभिनंदन करती है। यूपी को लेकर पीएम मोदी की उपलब्धियों को भी सीएम योगी ने विस्तार से बताया। कहा कि यूपी की धरती से ही पीएम मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही इसी साल 28 मार्च को जेवर एयरपोर्ट के फेज-वन का उद्घाटन किया था। कुल चार फेज में बनने वाला एयरपोर्ट काम पूरा होने पर एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा। एयरपोर्ट के पहले फेज में करीब 3300 एकड़ जमीन पर टर्मिनल और रनवे बनाए गए हैं। यहां से हर साल लगभग 1.2 करोड़ यात्री सफर कर सकेंगे।
पहले असुरक्षा, अब निवेश की पहचान
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2014 में काशी आने पर कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। काशी से शुरू हुआ यह आत्मीय संबंध प्रदेश के विकास का आधार बना है।2017 से पहले प्रदेश प्रशासनिक शिथिलता, असुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा था। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पारदर्शी और तकनीक आधारित शासन व्यवस्था अपनाई गई। कानून व्यवस्था मजबूत हुई और निवेश का वातावरण बना। डबल इंजन सरकार के समन्वय से प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
60 हजार करोड़ से बने 42 राष्ट्रीय राजमार्ग
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में करीब 60 हजार करोड़ रुपये से 2,483 किलोमीटर लंबे 42 राष्ट्रीय राजमार्ग बने। दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून, दिल्ली-मेरठ और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पूरे हुए। 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हुआ। लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार हुआ।
ब्रह्मोस यूनिट और पीएम मित्रा पार्क से औद्योगिक विस्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि दादरी में पूर्वी और पश्चिमी मालवाहक रेल गलियारों का जंक्शन बना है। इनका 1,050 किलोमीटर से अधिक हिस्सा यूपी से गुजरता है। वाराणसी में देश का पहला मल्टीमॉडल इनलैंड पोर्ट टर्मिनल और 100 एकड़ का फ्रेट विलेज विकसित हुआ। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल असेंबली यूनिट, रक्षा औद्योगिक गलियारा और एक हजार एकड़ में पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क औद्योगिक विकास को गति दे रहे हैं।
तीन करोड़ किसानों के खातों में एक लाख करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि से तीन करोड़ से अधिक किसानों के खातों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक भेजे गए। 86 लाख लघु एवं सीमांत किसानों का कर्ज माफ हुआ। 5.50 करोड़ किसान क्रेडिट कार्ड से 13.42 लाख करोड़ रुपये से अधिक फसली ऋण वितरित हुआ। 79.51 लाख किसानों को फसल क्षतिपूर्ति और गन्ना किसानों को 3.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक भुगतान किया गया।
65 लाख परिवारों को आवास, 15 करोड़ को राशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि 65 लाख से अधिक गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास मिले। 3.67 करोड़ राशन कार्डधारक परिवारों के करीब 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। जल जीवन मिशन से 2.46 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन मिले। 3.37 करोड़ शौचालय और 59,183 सामुदायिक शौचालय बने। उज्ज्वला योजना से 1.86 करोड़ मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए। होली और दीपावली पर राज्य सरकार मुफ्त सिलेंडर दे रही है।
आयुष्मान से 18,798 करोड़ का मुफ्त इलाज
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में छह करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी हुए। इनसे 9.90 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य कवच मिला। 1.09 करोड़ गंभीर रोगियों को 18,798 करोड़ रुपये का मुफ्त उपचार मिला। आरोग्य मेलों में 14.67 करोड़ लोगों का उपचार हुआ। गोरखपुर और रायबरेली में एम्स संचालित हैं।
साढ़े नौ लाख सरकारी नौकरियां, 62 लाख को टैबलेट
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में 9.50 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां और निजी क्षेत्र में 65 लाख नियुक्तियां हुईं। 31.11 लाख युवाओं को प्रशिक्षण और 62 लाख से अधिक को स्मार्टफोन तथा टैबलेट दिए गए। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, काशी में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से खिलाड़ियों को नए अवसर मिले हैं।
एक करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं
मुख्यमंत्री ने बताया कि 10 लाख स्वयं सहायता समूहों से एक करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। पीएम स्वनिधि से 15 लाख रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को सहायता और स्वामित्व योजना से 1.10 करोड़ ग्रामीण परिवारों को घरौनी मिली। पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को दस प्रतिशत आरक्षण भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मिला।
ओडीओपी को वैश्विक पहचान, कृषि उत्पादन में यूपी अग्रणी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति को काशी की गुलाब मीनाकारी, जापान के प्रधानमंत्री को निजामाबाद की ब्लैक पॉटरी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति को कन्नौज का इत्र भेंट किया। लखनऊ की जरदोजी को भी अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। प्रदेश खाद्यान्न, दूध, गन्ना, आम, आंवला और मिलेट उत्पादन में अग्रणी है।
राम मंदिर से विश्वनाथ धाम तक सांस्कृतिक पुनर्जागरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई और काशी विश्वनाथ धाम का विस्तार हुआ। मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा और पिपरहवा के बौद्ध अवशेष विदेश से लौटे। महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। काशी तमिल संगमम, बौद्ध सर्किट, संत रविदास जन्मस्थली, चौरी-चौरा शताब्दी समारोह और राष्ट्र प्रेरणा स्थल ने प्रदेश की विरासत को नई पहचान दी। महामना मदन मोहन मालवीय और चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
विकसित भारत-2047 का संकल्प दोहराया
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मंत्रिपरिषद ने प्रधानमंत्री की 25 वर्ष की सेवा यात्रा का अभिनंदन करते हुए विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराया है। सरकार इस लक्ष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी।

