योगी कैबिनेट की बैठक कल, स्टांप और रजिस्ट्री समेत कई अहम प्रस्तावों पर लगेगी मुहर
योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को लखनऊ के लोकभवन में कैबिनेट मीटिंग होगी। इस दौरान बैठक में स्टांप और रजिस्ट्री विभाग समेत कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में यूपी कैबिनेट की बैठक मंगलवार को होगी। लोकभवन में होने वाली इस बैठक में स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, उद्योग, परिवहन सहित कई विभागों के प्रस्तावों पर मुहर लगेगी। आवासीय और कृषि भूमि के बाद अब सरकार औद्योगिक और व्यवसायिक संपत्तियों की भी गिफ्ट डीड का तोहफा नये साल में देने जा रही है। अब आवासीय और कृषि की तर्ज पर औद्योगिक व व्यवसायिक संपत्तियों की भी अपनों के नाम पांच हजार रुपये के स्टांप पर रजिस्ट्री हो सकेगी। इस प्रस्ताव को भी कैबिनेट की हरी झंडी मिल सकती है।
वहीं उद्योग विभाग ने ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) को लेकर गाइडलाइन तैयार की है। इसकी नियमावली पर भी मंगलवार को कैबिनेट की मुहर लग सकती है। वहीं पीलीभीत में बस स्टेशन के निर्माण के लिए जमीन दिए जाने का भी प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष लाया जाएगा। 500 रुपये तक के स्टांप पर यूज़र चार्ज लिया जाने के संबंध में फैसला हो सकता है। साथ ही सेमी कंडक्टर पार्क बनाने को लेकर भी फैसला होने की उम्मीद है।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। वे भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से भी मिले। सूत्रों का कहना है कि यह यात्रा पूर्व नियोजित नहीं थी। प्रधानमंत्री मोदी से उनके आवास सात लोक कल्याण मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुलाकात करीब एक घंटे चली। मुख्यमंत्री ने उन्हें राम मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। वहीं उनके हाथ में एक फाइल भी दिखी। माना जा रहा है कि योगी ने प्रधानमंत्री को यूपी सरकार के कामकाज से लेकर प्रदेश के सियासी हालात तक की विस्तार से जानकारी दी। चर्चा है कि उन्होंने प्रदेश में एसआईआर को लेकर भी विस्तृत रिपोर्ट सौंपी। इसके अलावा जेवर एयरपोर्ट और गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण की प्रगति के साथ ही अगले माह संभावित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट को लेकर भी चर्चा की। जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन भी इसी माह प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री से इसके लिए समय भी मांगा गया है।
लेखक के बारे में
Deep Pandeyदीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी की खबरें करते हैं। डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दीप नरायन पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं। दीप अब डिजिटल मीडिया के जाने माने नाम बन गए हैं। दीप हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को बेहतर समझते हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखते हैं। दीप पाठकों की पसंद को समझने और उसी तरह से न्पूज प्रस्तुत करने में माहिर हैं। दीप सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए दीप नरायन पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं। दीप ने पत्रकारिता की शुरुवात लखनऊ से की। टीवी चैनल से करियर का आगाज करने वाले दीप इसके बाद प्रिंट अमर उजाला लखनऊ में भी रहे। हिन्दुस्तान प्रिंट में वाराणसी, गोरखपुर, फिर लखनऊ में कार्य के दौरान विभिन्न जिलों के डेस्क इंचार्ज रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2012, 2017, 2022, लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनावों के दौरान बेहतर कवरेज कर चुके हैं।
और पढ़ें

