यूपी पंचायत चुनाव, कैशलेस इलाज, लखनऊ-आगरा मेट्रो, योगी कैबिनेट के एजेंडे में क्या-क्या?

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

सीएम योगी की अध्यक्षता में आज लखनऊ में कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक में लोकतंत्र सेनानियों को कैशलेस इलाज, लखनऊ व आगरा मेट्रो विस्तार के लिए भूमि व एमओयू को मंजूरी देने तथा पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण के लिए समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन समेत एक दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।

यूपी पंचायत चुनाव, कैशलेस इलाज, लखनऊ-आगरा मेट्रो, योगी कैबिनेट के एजेंडे में क्या-क्या?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उनके सरकारी आवास पर आज (सोमवार) कैबिनेट की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। वैश्विक आर्थिक संकट और संसाधनों के सही इस्तेमाल को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'मितव्ययता' (खर्चों में कटौती) की अपील के बाद यह पहली कैबिनेट बैठक होगी। इस लिहाज से इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें राज्य के विकास और लोककल्याण से जुड़े एक दर्जन से ज्यादा प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की पूरी उम्मीद है।

लोकतंत्र सेनानियों को मिल सकती है कैशलेस इलाज की सौगात

इमरजेंसी (आपातकाल) के खिलाफ आंदोलन में हिस्सा लेने वाले लोकतंत्र सेनानियों के लिए आज की कैबिनेट बैठक बड़ा तोहफा लेकर आ सकती है। सरकार इन्हें 'मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना' के तहत कैशलेस इलाज की सुविधा देने की तैयारी में है, जिसका प्रस्ताव आज मंजूरी के लिए कैबिनेट के सामने रखा जाएगा।

लखनऊ और आगरा मेट्रो के विस्तार को मिलेगी हरी झंडी

उत्तर प्रदेश के दो बड़े शहरों में मेट्रो नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए अहम प्रस्तावों पर विचार होगा। लखनऊ मेट्रो के चारबाग से वसंतकुंज तक बनने वाले पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर (East-West Corridor) के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) को कैबिनेट की मंजूरी मिल सकती है। आगरा मेट्रो के कॉरिडोर-2 (आगरा कैंट से कालिंदी विहार) में मेट्रो स्टेशनों और वायडक्ट सेक्शन के निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण (Land Transfer) के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है।

पंचायत चुनाव: पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन का रास्ता होगा साफ

उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर बनी उहापोह की स्थिति आज छंट सकती है। कैबिनेट ग्राम पंचायतों, ब्लॉक और जिला पंचायतों के निर्वाचन में ओबीसी (OBC) आरक्षण तय करने के लिए 'समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग' के गठन को मंजूरी दे सकती है। इस आयोग की रिपोर्ट के आधार पर ही आगामी पंचायत चुनावों में पिछड़ा वर्ग के आरक्षण का स्वरूप तय होगा।

पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज और अन्य बड़े एजेंडे

नए मेडिकल कॉलेज: स्वास्थ्य ढांचे को सुधारने के लिए हाथरस, बागपत और कासगंज में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर मेडिकल कॉलेज बनाए जाने के प्रस्ताव को कैबिनेट की सहमति मिल सकती है।

ग्रामीण विकास: ग्राम्य विकास विभाग और एचसीएल (HCL) फाउंडेशन की 'समुदाय परियोजना' को अगले 5 साल के लिए और बढ़ाने पर विचार होगा।

अन्य एजेंडे: इसके अलावा जन्म-मृत्यु पंजीकरण की नई नियमावली, यूपी रोडवेज की बसों पर लगने वाले टैक्स को रेशनलाइज करने और वस्त्रोद्योग में कौशल विकास परियोजनाओं को भी आज मंजूरी मिल सकती है।

राज्य,केंद्र की योजनाओं पर होगा अहम फैसला

कैबिनेट की बैठक में राज्य सरकार और केंद्र सरकार की परियोजनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण फैसला लिया जा सकता है। राज्य सरकार की प्रतिभूतियों के संबंध में वर्ष 2007 में जारी किए गए जनरल नोटिफिकेशन में संशोधन का प्रस्ताव पर कैबिनेट विचार करेगी। इसके अलावा भारतीय स्टांप अधिनियम में भी संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दी जा सकती है। वहीं, यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों पर लगने वाले अतिरिक्त कर को रेशनलाइज करने को भी कैबिनेट अपनी मुहर लगाएगी।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।