योगी मंत्रिमंडल विस्तार की हलचल तेज, गोपनीय दौरे पर तावड़े, बंद कमरे में धर्मपाल, फोन पर चौधरी से बात

Yogesh Yadav लखनऊ विशेष संवाददाता
share

उत्तर प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की कवायद अंतिम चरण में है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े के गोपनीय लखनऊ दौरे और संगठन के बड़े नेताओं के साथ हुई बैठकों ने साफ कर दिया है कि जल्द ही नए चेहरों की ताजपोशी होगी।

योगी मंत्रिमंडल विस्तार की हलचल तेज, गोपनीय दौरे पर तावड़े, बंद कमरे में धर्मपाल, फोन पर चौधरी से बात

योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इसे लेकर लखनऊ से दिल्ली तक सियासी तपिश बढ़ी हुई है। केंद्रीय नेतृत्व के दूत के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े फिर गोपनीय दौरे पर लखनऊ आए। चंद घंटों की यह यात्रा मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद से ही जुड़ी थी। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो तावड़े ने महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ बंद कमरे में लंबी चर्चा की जबकि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी से फोन पर बात की।

यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी संगठन के साथ ही सरकार के खाली पदों को भी भरना चाहती है। बीते एक पखवारे से इसे लेकर हलचलें तेज हैं। लखनऊ के बाद दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने बीते दिनों प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और महामंत्री संगठन संग इसे लेकर लंबी चर्चा की थी। इसमें प्रदेश संगठन के गठन का मुद्दा भी शामिल था। फिर पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। इसके बाद प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज हो गईं। गत दिवस राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने इस सिलसिले को और आगे बढ़ाया। उनकी यात्रा को बेहद गोपनीय रखा गया।

Voice of UP

कुछ मंत्रियों के विभागों में होगा बदलाव

पार्टी सूत्रों की मानें तो मंत्रिमंडल विस्तार का आकार बहुत बड़ा नहीं होगा। आधा दर्जन खाली पदों को भरने के साथ ही कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव हो सकता है। पार्टी की सारी कवायद की जड़ में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधना है। खबर है कि तावड़े ने भी अपनी लखनऊ यात्रा में इसी मुद्दे पर चर्चा की। जिन चेहरों की ताजपोशी होनी है, ऐसे संभावित चेहरों की सूची भी तैयार है। इन्हीं नामों में से अब उन्हें सामाजिक समीकरण के सांचे में फिट बैठाने की कवायद चल रही है। इस माह के अंत तक इस कवायद के परिणाम सामने आ सकते हैं।

दिल्ली में बैठकों का दौर और रणनीतिक बदलाव

इस विस्तार की नींव हाल ही में दिल्ली में हुई उच्च स्तरीय बैठकों में रखी गई थी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री संगठन की लंबी वार्ता हो चुकी है। पंकज चौधरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात के बाद यह साफ हो गया था कि आलाकमान यूपी को लेकर किसी बड़े बदलाव के मूड में है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस महीने के अंत तक या अगले महीने की शुरुआत में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में आयोजित हो सकता है। यह विस्तार न केवल सरकार का चेहरा बदलेगा, बल्कि कार्यकर्ताओं में नया उत्साह फूंकने का काम भी करेगा।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।