Hindi NewsUP NewsYogi Adityanath's clear message in Varanasi Deal strictly with those who tarnish image of Kashi and with troublemakers
काशी की छवि खराब करने वालों और उपद्रवियों के साथ सख्ती से निपटें, बनारस में योगी की दो टूक

काशी की छवि खराब करने वालों और उपद्रवियों के साथ सख्ती से निपटें, बनारस में योगी की दो टूक

संक्षेप:

घाटों पर हाल के दिनों में हुई मारपीट और अन्य घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो टूक कहा कि घाट को किसी विशेष विचारधारा से प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।

Jan 04, 2026 06:04 am ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

वाराणसी में गंगा किनारे और नावों पर हाल के दिनों में हुई मारपीट और अन्य घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो टूक कहा कि घाट को किसी विशेष विचारधारा से प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घाट श्रद्धालुओं के लिए पवित्र स्थल हैं और वहां धरना-प्रदर्शन या अराजकता बिल्कुल स्वीकार्य नहीं होगी। वाराणसी में समीक्षा बैठक के दौरान सीएम ने पुलिस अधिकारियों से सख्त लहजे में कहा कि घाटों पर उपद्रवियों और छवि खराब करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि घाटों पर पुलिस की बीट बढ़ाई जाए और पेट्रोलिंग के माध्यम से निगरानी तेज की जाए। किसी भी कीमत पर घाट अराजकता का अड्डा नहीं बनने पाए।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सीएम ने पुलिस, होमगार्ड्स समेत अन्य सुरक्षा बलों को अपनी कार्यप्रणाली सुधारने और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने हुक्का बार समेत अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्ती बरतने और इसके लिए सर्किलवार समीक्षा कराने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर थाना और हेल्पडेस्क को सक्रिय कर साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने को कहा। उन्होंने थानावार माफिया, गुंडों और चेन स्नेचरों को पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:गंगा में नाव पर लात-घूंसे व लाठी-डंडे चले, बनारस का एक साथ दो खौफनाक VIDEO वायरल

कानून व्यवस्था रहा बैठक का मुख्य बिंदु

सीएम योगी दो दिनी काशी प्रवास पर शाम 5.29 बजे बाबतपुर हवाईअड्डा पहुंचे। यहां से सड़क मार्ग से शाम 5.55 बजे सर्किट हाउस आए और बिना विश्राम किए सीधे सभागार में पहुंचे। तकरीबन आधे घंटे की चली समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री का कानून व्यवस्था पर विशेष फोकस रहा। उन्होंने नाविकों से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया। कहा कि बाहर से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के साथ बेहतर व्यवहार के लिए नाविकों को प्रशिक्षण दें। उनकी समस्याओं और सुविधाओं का फीडबैक लेना चाहिए।

वरुणा नदी के पुनरोद्धार में लाएं तेजी

सीएम योगी ने वरुणा नदी के पुनरोद्धार की समीक्षा में इसे जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग, लोकनिर्माण विभाग, सेतु निगम तथा अन्य कार्यदायी संस्थाएं अपनी विकास परियोजनाओं के बारे में जनप्रतिनिधियों से भी वार्ता करें। बाढ़ से बचाव के लिए होने वाले कार्यों से अवगत कराएं। न्यायालयों में लंबित मामलों की उचित पैरवी कर शीघ्रता से निस्तारण सुनिश्चित करें।

माघ मेले पर विशेष तैयारियां हो

सीएम ने माघ मेले तथा आगामी पर्वों की लिहाज से शहर की ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर बेहतर काम करने की जरूरत बताई। कहा कि माघ मेले पर विशेष तैयारियां और सतर्कता बरतनी चाहिए। राजस्व वादों का समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। हर विभाग का प्रयास होना चाहिए कि काशी की वैश्विक छवि बेहतर हो।

35155 करोड़ रुपये के 486 प्रोजेक्ट्स पूर्ण

समीक्षा बैठक में डीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि 2014 से 2025 तक 35155 करोड़ के 486 प्रोजेक्ट्स पूरे किए गए हैं। वर्तमान में 17915 करोड़ के 128 प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं, जिसमें सड़क और पुल के 5812 करोड़ रुपये के 24 प्रोजेक्ट्स हैं। जनपद में अब तक 53070.95 करोड़ के कार्य पूरे हुए हैं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कानून व्यवस्था, गोतस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, साइबर अपराध समेत यातायात व्यवस्था की जानकारी रखी।

इनकी रही मौजूदगी

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ’दयालु’, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, डॉ सुनील पटेल, त्रिभुवन राम, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, धर्मेंद्र राय, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर सिंह आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

सीएम ने बाबा औऱ कालभैरव का लिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नए साल के तीसरे दिन वाराणसी पहुंचे। दो दिवसीय दौरे के पहले दिन शनिवार को उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। बाबा के गर्भगृह में उन्होंने विधि-विधान से पूजा कर लोककल्याण की कामना की। अपने बीच मुख्यमंत्री को देखकर बाबा भक्तों ने हर-हर महादेव के जयकारे से अभिनंदन किया। योगी ने भी हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। इसके पूर्व कालभैरव का विधि विधान से पूजा कर आशीर्वाद लिया। यहां भी गर्भगृह में प्रवेश कर बाबा की आरती की और प्रदेशवासियों के सुखी-समृद्ध जीवन की कामना की।

टाउनहॉल रैन बसेरे में बांटा कंबल और भोजन

सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को काशी प्रवास के दौरान टाउन हॉल रैनबसेरे में लोगों का हाल जाना। उनके बीच कंबल और भोजन के पैकेट बांटे। छोटे बच्चों को चॉकलेट दी। रैनबसेरा में शरण लिए लोगों से व्यवस्थाओं के बाबत जानकारी ली और पूछा कि कोई कमी तो नहीं है? उन्होंने कहा कि ठंड में सड़क या खुले आसमान के नीचे कत्तई न सोएं। रैनबसेरे आप लोगों के लिए बनवाये गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया ठंड में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति रात्रि में सड़क के किनारे अथवा खुले आसमान में न रहे। गरीब एवं असहाय लोगों को रैनबसेरा में रहने के लिए लाया जाए।

ऊनी वस्त्र के लिए उपलब्ध कराई पर्याप्त धनराशिः योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि ऊनी वस्त्र वितरण के लिए प्रदेश के सभी जनपदों को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि भीषण शीतलहरी में जरूरतमंदों को युद्ध स्तर पर ऊनी वस्त्र वितरण सुनिश्चित किया जाए।

ये बातें उन्होंने शनिवार रात टाउनहाल रैनबसेरे का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। सीएम योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उनकी संसदीय सीट काशी के लिए पिछले 11 वर्षों में 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से दो तिहाई से अधिक प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं और शेष प्रगति पर हैं।

देश भर से आए श्रद्धालुओं के रुकने की भी व्यवस्था

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी में जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से भीषण शीतलहरी में जरूरतमंदों, गरीबों और यात्रियों के लिए रैनबसेरे और ऊनी वस्त्र वितरण की पूरी व्यवस्था की गई है। टाउनहाल में भी अस्थायी रैनबसेरे का प्रबंध किया गया है, जहां देश और प्रदेश भर से आए श्रद्धालु रह रहे हैं। उन्होंने इसकी व्यवस्था का निरीक्षण किया और कहा कि यहां सबकुछ सुचारू रूप से चल रहा है।

28 से अधिक रैन बसेरों में लोगों को मिल रहा सहारा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि नगर निगम के स्तर पर भी काशी में स्थायी रैनबसेरे की व्यवस्था की गई है। पूरे काशी सिटी में 28 से अधिक ऐसे रैनबसेरे बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से हजारों नागरिकों, बेसहारा और फुटपाथ पर रहने वाले लोगों को सहारा मिल रहा है।