मेरे युवा साथियों..., सीएम योगी ने पाती से बताया क्यों आज की तारीख महत्वपूर्ण, नौजवानों से यह अपील
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं को 'पाती' लिखकर संबोधित किया। सीएम ने कहा कि यूपी देश की 'डीप टेक कैपिटल' बन रहा है। उन्होंने युवाओं से तकनीक को अपनाने और नवाचार के जरिए आत्मनिर्भर यूपी बनाने में सहयोग की अपील की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस' (National Technology Day) के अवसर पर प्रदेश के युवाओं के नाम एक विशेष पत्र यानी 'पाती' लिखी है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने न सिर्फ 11 मई की ऐतिहासिक प्रासंगिकता को साझा किया, बल्कि उत्तर प्रदेश को देश की 'डीप टेक कैपिटल' बनाने का अपना विजन भी प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए तकनीक को आत्मनिर्भरता का सबसे सशक्त आधार बताया। सीएम योगी ने अपनी पाती में याद दिलाया कि 11 मई का दिन भारत के गौरवशाली इतिहास का गवाह है। वर्ष 1998 में आज ही के दिन भारत ने पोखरण में तीन सफल परमाणु परीक्षण कर दुनिया को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और राष्ट्रीय सामर्थ्य का परिचय दिया था।
आज ही के दिन स्वदेशी विमान 'हंस-3' ने सफल उड़ान भरी थी और स्वदेशी 'त्रिशूल' मिसाइल का सफल परीक्षण हुआ था। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज तकनीक प्रयोगशालाओं से निकलकर आम आदमी के खेत-खलिहान तक पहुंच गई है। उन्होंने इसके प्रत्यक्ष लाभ गिनाए। कहा कि डीबीटी (DBT) से सरकारी योजनाओं का पैसा अब सीधे लाभार्थियों के खातों में बिना किसी बिचौलिये के पहुंच रहा है।
ऑनलाइन स्व-गणना हो रही है। तकनीक की मदद से आज नागरिक घर बैठे सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। यूपी के सपूत शुभांशु शुक्ला द्वारा सफल अंतरिक्ष उड़ान का जिक्र करते हुए सीएम ने इसे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया।
यूपी बनेगा 'डीप टेक कैपिटल'
प्रदेश के विकास पथ का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश अब आईटी पार्क, स्टार्टअप्स और मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर रहा है। यूपी की धरती पर अब ब्रह्मोस जैसी मिसाइलें बन रही हैं। युवाओं को आधुनिकतम प्रशिक्षण देने के लिए प्रदेश में एआई और रोबोटिक्स मिशन की शुरुआत की गई है। इनोवेट इन यूपी के जरिए 'स्केल फॉर द वर्ल्ड' के मूलमंत्र के साथ सरकार ड्रोन, क्वांटम कंप्यूटिंग और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में निवेश कर रही है।
युवाओं को मुख्यमंत्री का संदेश
सीएम ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा, "तकनीक समय की तरह है। तकनीक के साथ नहीं चलना, समय से पिछड़ जाना है।" उन्होंने युवाओं को नवीनतम तकनीक सीखने, नवाचार (Innovation) अपनाने और आत्मनिर्भर प्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने अपनी 'पाती' में इस बात पर विशेष जोर दिया कि उत्तर प्रदेश अब केवल कृषि प्रधान राज्य नहीं रह गया है, बल्कि यह 'डिजिटल गवर्नेंस' का रोल मॉडल बन रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि किस प्रकार तकनीक के प्रयोग ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है और शासन की योजनाओं को पारदर्शी बनाया है। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर जिले को आईटी हब के रूप में विकसित करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी युवाओं को अपने सपनों को उड़ान देने के लिए बड़े महानगरों का रुख न करना पड़े। 'लर्न एंड अर्न' (सीखो और कमाओ) की भावना के साथ, सरकार ने युवाओं के लिए कौशल विकास मिशन के तहत विशेष तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू किए हैं।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


