
पंचायत चुनाव से पहले यूपी की मशीनरी बदल रहे योगी, इसी महीने 80 IAS, IPS अफसर ट्रांसफर
संक्षेप: यूपी पंचायत चुनाव से पुलिस और प्रशासनिक फेरबदल का दौर जारी है। मंगलवार को 16 और गुरुवार को 13 आईएएस के तबादले के बाद पुलिस में भी बड़ा फेरबदल हुआ। सितंबर महीने में अब तक कुल 29 IAS और 51 IPS अफसरों के ट्रांसफर हो चुके हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य में पंचायत चुनाव से पहले आईएएस, आईपीएस समेत यूपी की पीसीएस और पीपीएस मशीनरी को बड़े पैमाने पर बदल रहे हैं। इस महीने अफसरों के ताबड़तोड़ तबादले हो रहे हैं। सरकार लापरवाह अफसरों पर ऐक्शन ले रही है। गुरुवार को भी सरकार ने 16 आईपीएस अफसरों का ट्रांसफर कर दिया। बुधवार को 7 आईपीएस और 8 सितंबर को 28 आईपीएस का तबादला हुआ था। 16 सितंबर को 16 आईएएस बदले गए। गुरुवार को 13 आईएएस के तबादले हुए। सितंबर महीने में अब तक कुल 29 IAS और 51 IPS अफसरों के ट्रांसफर हो चुके हैं।

इस महीने तबादले का दौर पहली सितंबर से शुरू हुआ। इस दिन सोमवार को 13 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इनमें कई एसडीएम और एडीएम शामिल थे। जिन अफसरों का तबादला हुआ था उनमें गोरखपुर, वाराणसी और लखनऊ के भी अधिकारी थे। इसके बाद दो सितंबर को शासन ने दो पीपीएस अफसरों का तबादला किया। प्रवीण सिंह चौहान को बागपत का एएसपी बनाया गया, जबकि पूनम मिश्र को नोएडा का एडीसीपी नियुक्त किया गया। इसके बाद आठ सितंबर को सोमवार की शाम बड़े पैमाने पर आईपीएस अफसरों के तबादले कर दिए गए। इनमें कई डीजी और एडीजी स्तर के अधिकारी थे। कुल 28 अफसरों को इधर से उधर ट्रांसफर किया गया। ए सतीश गणेश को लंबे समय बाद दोबारा लखनऊ लाया गया।
इसके बाद 16 सितंबर मंगलवार को 16 आईएएस अफसरों के तबादले किए गए। लखनऊ, प्रयागराज व बरेली में नए मंडलायुक्त बनाए गए। विजय विश्वास पंत प्रयागराज से लखनऊ, सौम्या अग्रवाल बरेली से प्रयागराज और अनामिका सिंह सचिव वन पर्यावरण एवं जलावायु परिवर्तन विभाग तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्लीन एयर मैनेजमेंट प्रोजेक्ट अथारिटी से बरेली की मंडलायुक्त बनाई गईं।
शासन ने 17 सितंबर बुधवार को सात आईपीएस अफसरों का तबादला कर दिया। इनमें एक आईपीएस ममता रानी चौधरी को प्रोन्नति मिलने पर लखनऊ कमिश्नरेट में एडीसीपी से डीसीपी लखनऊ पद पर नियुक्ति दे दी गई है। इसी दिन रात में शासन नेलखनऊ के एडीसीपी पूर्वी पकंज कुमार सिंह समेत प्रदेश के 57 पीपीएस अफसरों के तबादले कर दिए गए। इनमें सम्भल के एएसपी अनुज कुमार चौधरी को अब फिरोजाबाद का एएसपी ग्रामीण बनाया गया। इन तबादलों में 44 एएसपी और 13 डिप्टी एसपी शामिल थे। इनमें डिप्टी एसपी से प्रोन्नत हुए एएसपी भी शामिल है।
इसके बाद 17 सितंबर को ही 8 बीएसए और समकक्ष अधिकारियों का तबादला किया गया। वहीं आज 18 सितंबर को योगी सरकार ने आज़मगढ़, देवरिया, अलीगढ़, उन्नाव कुशीनगर, प्रतापगढ़, औरैया, सोनभद्र हरदोई, अंबेडकरनगर के पुलिस अधीक्षक बदल दिए गए। कुल 16 आईपीएस अफसरों के तबादले किए गए हैं।





