
यासीन ने राजा बन बिछाया जाल, लड़की से शादी के नाम पर रेप; देह व्यापार में उतारने की कोशिश
युवती ने बीते दिनों SSP को शिकायती पत्र देकर बताया कि राजा नाम के युवक ने उससे दोस्ती कर अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद वह उसे भगाकर अपने साथ ले गया और कई जगह किराये पर रखकर उसके साथ रेप किया। विरोध करने पर आरोपी शादी का भरोसा देकर शांत करा देता, लेकिन शादी के लिए कहने पर टालमटोल करता रहा।
यूपी के रामपुर के शाहबाद थाना क्षेत्र निवासी यासीन उर्फ आमिर ने राजा बनकर मझोला थाना क्षेत्र निवासी युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया। उसे भगाकर अपने साथ ले गया और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और शोषण किया। दो बच्चे भी हो गए। बाद में सच्चाई पता चलने पर पीड़िता ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। बंधक बनाकर मारपीट करने के साथ ही उसके ऊपर देह व्यापार करने के लिए भी दबाव बनाया। मामले में पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी के आदेश पर मझोला पुलिस ने सोमवार को आरोपी युवक, उसके माता-पिता समेत चार पर केस दर्ज किया है।
मझोला के लाइनपार क्षेत्र निवासी युवती ने बीते दिनों एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि राजा नाम के युवक ने उससे दोस्ती कर अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद वह उसे भगाकर अपने साथ ले गया और कई जगह किराये पर रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी शादी का भरोसा देकर शांत करा देता, लेकिन शादी के लिए कहने पर टालमटोल करता रहा। पीड़िता के अनुसार इस बीच आरोपी से उसके दो बच्चे एक बेटा पांच साल और एक बेटी आठ माह की पैदा हुई। पीड़िता के अनुसार बार-बार शादी के लिए जोर देने पर आरोपी राजा उसे और बच्चों को अपने साथ हिमाचल प्रदेश के बद्दी चक्का रोड ओमेक्स के पास ले गया। पीड़िता के अनुसार वहां पहुंचने पर पता चला कि आरोपी राजा मुस्लिम है और उसका असली नाम यासीन उर्फ आमिर खान है।
पीड़िता के अनुसार उसने आरोपी से इस बारे में पूछा तो वह कहने लगा कि हमारा यही काम है हम झूठ बोलकर हिन्दू लड़कियों को प्रेमाजल में फसांकर उनका शोषण कराते हैं और फिर उनसे देह व्यापार कराते हैं। विरोध करने पर आरोपी ने कमरे में बंद करके उसके साथ मारपीट की। उसने धर्म परिवर्तन के लिए भी दबाव बनाया। पीड़िता के अनुसार बीते 13 अगस्त 2025 को शाम 6 बजे आरोपी और उसके परिवार वालों ने मारपीट की, जिससे उसके कंधे में फैक्चर हो गया। जिसके बाद वह किसी तरह वहां से आरोपियों के चंगुल से छूटकर मुरादाबाद पहुंची और उपचार कराया। आरोप है कि वहां से आने के बाद भी आरोपी यासीन उर्फ आमिर अलग-अलग नंबरों से कॉल करके पीड़िता को लगातार उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद परेशान होकर पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई, जहां से एफआईआर के आदेश हुए।
सीओ सिविल लाइंस कुलदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि मझोला थाने में रामपुर के शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव गदमरपट्टी टीका सिंह निवासी आरोपी यासीन उर्फ आमिर खान, उसके पिता बाबूशाह, मां सितारा और बहन हिना के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट, धमकी देने समेत अन्य आरोप के साथ ही उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम (लव जिहाद कानून) के तहत केस दर्ज किया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें



