गोरखपुर में जले गोदाम की जांच कर पुलिस ने दी क्लीनचिट, बाद में उसी में मिला कर्मचारी का शव

प्रमुख संवाददाता, गोरखपुर
share

गोरखपुर में पुलिस ने जिस गोदाम को चेक करने के बाद क्लीनचिट दे दी।मंगलवार को उसी गोदाम में एक कर्मचारी का शव मिला। इससे मौके पर सनसनी फैल गई। बता दें कि सोमवार को तेल के गोदाम में आग लगी थी।

Worker body found in burnt warehouse in Gorakhpur
गोरखपुर के जले गोदाम में कर्मचारी का शव मिला है

UP News: यूपी के गोरखपुर के तिवारीपुर के मोहनलालपुर में तारपीन तेल के जले गोदाम में मंगलवार को एक कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सोमवार को तेल के गोदाम में आग लगी थी। परिवार की शिकायत पर दोबारा जांच की गई तो कर्मचारी का शव मिला। पुलिस ने गोदाम मालिक की तलाश शुरू कर दी है।

जिस कर्मचारी की लाश मिली है उसकी पहचान भोला उर्फ रामबदन के रूप में हुई है। वह महराजगंज जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के मुजहना बुजुर्ग गांव का रहने वाला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोहनलालपुर निवासी कृष्णा गुप्ता के गोदाम में सोमवार शाम करीब 4:30 बजे आग लगी थी। दमकल टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। जांच में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली थी। मंगलवार को परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि गोदाम में काम करने वाला भोला सोमवार से लापता है। इसके बाद उसकी तलाश हुई। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि एक कर्मचारी की लाश मिली है। शव का सिर्फ कंकाल बचा है, परिवारीजन भोला की लाश बता रहे हैं। डीएनए जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। लोगों के मुताबिक गोदाम में चार कर्मी थे जिसमें दो महिलाएं थीं। सभी भाग निकले थे। भोला अंदर कैसे रह गया यह नहीं पता।

दिवाली नजदीक देख बढ़ा दिए थे कर्मचारी

मोहनलालपुर में कृष्णा गुप्ता का गोदाम है। गोदाम के बाहर कृष्णा बिल्डिंग मटेरियल का बोर्ड लगा है जबकि अंदर तरपीन का तेल पैक कर दुकानों को सप्लाई होता है। लोगों के मुताबिक कृष्णा कई वर्षों से इस कारोबार में है। दिवाली को देखते हुए इन दिनों गोदाम में स्टॉक तैयार करने को कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई गई थी। गोदाम में चार कर्मचारी काम करते थे, जिनमें दो महिलाएं भी थीं। सोमवार को आग लगने की सूचना पर व्यापारी कृष्णा भी गोदाम पहुंचा था। लोगों के मुताबिक आग का विकराल रूप देख वह वहां से हट गया और मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। लोगों में चर्चा है कि घटना के समय ही गोदाम में किसी मजदूर के फंसे होने की जानकारी व्यापारी को हो गई थी। कृष्णा का किराये का मकान गोदाम से करीब आधा किमी दूर है।

एक बार बेटे को दिखा दीजिए: पिता

भोला के 60 वर्षीय पिता रविंद्र मंगलवार सुबह मोहनलालपुर पहुंचे और डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस पहुंची और बताया कि थाने की पुलिस मामले को देखेगी। इसके बाद गोदाम में दोबारा तलाशी ली तो अंदर जली लाश मिली। शव मिलने पर रविंद्र पुलिस से बेटे का चेहरा दिखाने की गुहार लगाते रहे। कहा कि कम से कम एक बार बेटे का चेहरा दिखा दीजिए, ताकि यकीन हो सके कि शव भोला का ही है। पिता के गिड़गिड़ाने के बावजूद चेहरा नहीं दिखाया गया।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsजले गोदाम की जांच कर पुलिस ने दी क्लीनचिट, बाद में उसी में मिला कर्मचारी का शव