स्वाबलंबन का नया अध्याय रच रही यूपी की नारी शक्ति, महिलाओं के नाम सीएम योगी की पाती
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर 'योगी की पाती' शीर्षक से एक पोस्ट में कहा कि साल 2017 से पहले कई लड़कियां शाम के बाद अपने घरों से बाहर निकलने में झिझकती थीं और स्कूल एवं कॉलेज आने-जाने में खुद को असुरक्षित महसूस करती थीं।

UP News: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कहा कि एक मजबूत समाज बनाने में महिलाओं की सबसे अहम भूमिका होती है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार 'आधी आबादी' की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर 'योगी की पाती' शीर्षक से एक पोस्ट में कहा कि साल 2017 से पहले कई लड़कियां शाम के बाद अपने घरों से बाहर निकलने में झिझकती थीं और स्कूल एवं कॉलेज आने-जाने में खुद को असुरक्षित महसूस करती थीं। उन्होंने कहा, ‘याद करिए, 2017 से पहले शाम होते ही घर से बाहर निकलने में बेटियां घबराती थीं। स्कूल-कॉलेज तक जाने में डर लगता था। महिलाओं से अपराध आम बात थी, लेकिन आज बेटियां रात की पाली में भी काम कर रही हैं। यह संभव हुआ है स्पष्ट नीति और साफ नीयत से।’
यूपी की अर्थव्यवस्था में भी महिलाओं का योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा, 'उत्तर प्रदेश की नारी शक्ति आज स्वावलंबन का नया अध्याय रच रही है। स्टार्टअप से उद्यमी क्रेडिट कार्ड तक हर ओर उद्यमिता के अवसर हैं। प्रदेश के सभी विकास खंडों तक स्वयं सहायता समूहों का विस्तार हुआ है। लगभग 40 हजार बीसी सखियां आत्मविश्वास के साथ हजारों करोड़ के वित्तीय लेनदेन कर रही हैं। लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, स्वास्थ्य सखी, सूर्य सखी न केवल अपने परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त कर रही हैं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान भी दे रही हैं।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदम
आदित्यनाथ ने अपने शासनकाल में महिलाओं की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि 'मिशन शक्ति' और 'एंटी रोमियो' जैसे अभियानों ने बेटियों के विरुद्ध अपराध करने वालों के मन में डर पैदा किया है। जहां बेटियां सुरक्षित और सम्मानित होती हैं, वहां समाज सतत प्रगति करता है। उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना बेटियों के जन्म से शिक्षा तक पग-पग पर साथ है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से गरीब परिवारों के लिए आत्मसम्मान के साथ बेटियों का विवाह संभव हुआ है। पुष्टाहार योजना के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को बेहतर पोषण देकर आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य में उत्साहवर्धक परिवर्तन सुनिश्चित किया गया है। निराश्रित महिलाओं की पेंशन राशि 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये की गई है।’
छात्राओं के स्कूल छोड़ने की दर में भारी कमी
आदित्यनाथ ने दावा किया कि सरकार के इन्हीं प्रयासों का सुफल है कि आज छात्राओं के स्कूल छोड़ने की दर में भारी कमी आई है और मातृ मृत्युदर एवं शिशु मृत्युदर में अभूतपूर्व गिरावट आने के साथ-साथ शिक्षा से रोजगार तक बेटियों को समान अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने महिलाओं और लड़कियों का आह्वान करते हुए कहा, 'नारी का सम्मान समस्त समाज के लिए सर्वोपरि होना चाहिए। प्रदेश की सम्मानित बेटियों, आपको न किसी से डरने की आवश्यकता है, न छोटे सपने देखने हैं। सरकार की विभिन्न योजनाएं आपके सपनों की उड़ान को पंख दे रही हैं।' आदित्यनाथ ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा, 'आप विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य में केवल सहभागिता तक सीमित न रहें, बल्कि अग्रणी भूमिका निभाएं। सभी प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हृदय से शुभकामनाएं।
लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। डिजिटल और प्रिंट
पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में हरदोई से की थी। कानपुर
यूनिवर्सिटी से स्नातक दिनेश ने अपने सफर में हिन्दुस्तान (कानपुर, बरेली, मुरादाबाद), दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका
(डिजिटल) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। हरदोई की गलियों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर
आज डिजिटल मीडिया के शिखर तक पहुँच चुका है। दिनेश राठौर ने यूपी और राजस्थान के विभिन्न शहरों की नब्ज को प्रिंट और
डिजिटल माध्यमों से पहचाना है।
लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में कार्यरत दिनेश दिनेश, खबरों के पीछे की राजनीति और सोशल मीडिया के ट्रेंड्स (वायरल
वीडियो) को बारीकी से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं।
पत्रकारिता का सफर
हरदोई ब्यूरो से करिअर की शुरुआत करने के बाद दिनेश ने कानपुर हिंदुस्तान से जुड़े। यहां बतौर स्ट्रिंगर डेस्क पर करीब
एक साल तक काम किया। इसके बाद वह कानपुर में ही दैनिक जागरण से जुड़े। 2012 में मुरादाबाद हिंदुस्तान जब लांच हुआ तो
उसका हिस्सा भी बने। करीब दो साल यहां नौकरी करने के बाद दिनेश राजस्थान पत्रिका से जुड़ गए। सीकर जिले में दिनेश ने
करीब तीन साल तक पत्रकारिता की। उन्होंने एक साल तक डिजिटल का काम भी किया। 2017 में दिनेश ने बरेली हिंदुस्तान में
प्रिंट के डेस्क पर वापसी की। लगभग दो साल की सेवाओं के बाद डिजिटल हिंदुस्तान में काम करने का मौका मिला जिसका सफर जारी
है।


