वकील को घेरकर युवतियों ने ताबड़तोड़ बरसाए जूते-चप्पल, वीडियो वायरल होने के बाद 9 पर केस
महोबा में अधिवक्ता को घेरकर युवतियों और महिलाओं के अभद्रता करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। करीब दो मिनट के इस वीडियो में कुछ युवतियां और महिलाएं अधिवक्ता को पकड़कर जूते-चप्पलों से पीटती नजर आ रही हैं।
UP News: यूपी के महोबा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां अधिवक्ता को घेर युवतियों के अभद्रता करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दो मिनट 12 सेकेंड के इस वीडियो में युवतियां और महिलाएं एक अधिवक्ता को पकड़े दिख रही हैं। यही नहीं बीच-बीच में युवतियां और महिलाएं अधिवक्ता को जूते-चप्पल से पीट रही हैं। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं पुलिस ने अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर दो नामजद और सात अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो नामजद युवतियों और सात अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पूर्व में दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद समझौता भी हो गया। बाद में फिर से उसी विवाद को लेकर कहासुनी हुई है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
दो परिवारों में चले लाठी-डंडे, जमकर हुई मारपीट
उधर, जालौन के कोतवाली जालौन क्षेत्र के मोहल्ला पहलवान बड़ा में दो परिवारों के बीच रंजिश को लेकर लाठी-डंडे व रॉड से जमकर मारपीट हो गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि लाइव हिंदुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मोहल्ला पहलवान बड़ा के रहने वाले सुलखान यादव ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि वह बुधवार की रात करीब 10 बजे अपने घर के बाहर बैठा था। तभी मोहल्ले के ही रहने वाले महेश यादव, नरसिंह यादव, विशाल यादव, नेता यादव ने रंजिश के चलते उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडा और रॉड से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उसके भतीजे शिवम यादव को भी आरोपियों ने पीट दिया। मारपीट में पीड़ित और उसके भतीजे को गंभीर चोटें आईं हैं। आरोपियों ने मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग गए।
घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। देखते ही देखते यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। पीड़ित सुलखान यादव की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।


