यूपी एसआईआर में सबसे ज्यादा इनके कटे नाम, ड्राफ्ट वोटर लिस्ट की चौंकाने वाली बात

Jan 17, 2026 09:22 pm ISTAjay Singh प्रमुख संवाददाता, लखनऊ
share

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शनिवार को बताया कि पहले प्रति एक हजार पुरुषों में 877 महिलाएं थीं और अब यह 824 रह गई हैं। यानी लिंगानुपात में प्रति हजार 53 महिलाओं की कमी दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा गाजियाबाद की साहिबाबाद विधानसभा सीट पर महिलाएं घटी हैं।

यूपी एसआईआर में सबसे ज्यादा इनके कटे नाम, ड्राफ्ट वोटर लिस्ट की चौंकाने वाली बात

यूपी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में सबसे ज्यादा महिलाओं के नाम काटे गए हैं। जिन 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे गए हैं उनमें 1.54 करोड़ महिलाएं और 1.33 करोड़ पुरुष हैं। अब कुल 12.55 करोड़ मतदाताओं की ड्राफ्ट मतदाता सूची में 6.88 करोड़ पुरुष और 5.67 करोड़ महिलाएं हैं। मतदाता सूची में महिलाओं की संख्या घटने से लिंगानुपात भी कम हो गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने शनिवार को बताया कि पहले प्रति एक हजार पुरुषों में 877 महिलाएं थीं और अब यह 824 रह गई हैं। यानी लिंगानुपात में प्रति हजार 53 महिलाओं की कमी दर्ज की गई है।

सबसे ज्यादा गाजियाबाद की साहिबाबाद विधानसभा सीट पर महिलाएं घटी हैं। यहां पहले प्रति एक हजार पुरुष पर 779 महिलाएं थीं और अब यह घटकर 646 रह गईं हैं। यहां लिंगानुपात में प्रति हजार 133 महिलाओं की कमी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची से जिन 2.89 करोड़ लोगों के नाम काटे गए हैं, उनमें से 1.54 करोड़ महिलाएं हैं और 1.33 करोड़ पुरुष हैं, यानी पुरुषों के मुकाबले 20 लाख ज्यादा महिलाओं के नाम मतदाता सूची से कटे हैं। एसआईआर की प्रक्रिया से पहले 25 साल से अधिक उम्र की 71.18 लाख महिलाओं के नाम मतदाता सूची में पिता के संबंध यानी महिलाएं मायके के पते पर दर्ज थीं। डुप्लीकेट मतदाताओं की जांच में इसमें से 42.13 लाख नाम यानी 59 प्रतिशत महिलाओं के नाम सूची से काट दिए गए। यही कारण है कि कुल कटे नामों में से महिलाओं के नाम सर्वाधिक हैं।

शहरों में 1.17 करोड़ व गांव में 1.72 करोड़ लोग घटे

यूपी की ड्राफ्ट मतदाता सूची में एसआईआर से पहले कुल 15.44 करोड़ मतदाता थे। एसआईआर के बाद 12.55 करोड़ मतदाताओं की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई है। शहरी क्षेत्रों में पहले 4.16 करोड़ मतदाता थे और अब यह संख्या 2.99 करोड़ रह गई है। यानी 1.17 करोड़ शहरी क्षेत्रों के मतदाताओं के नाम कटे हैं। कुल 28 प्रतिशत शहरी क्षेत्र के मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पहले 11.28 करोड़ मतदाता थे और अब यह घटकर 9.56 करोड़ रह गए हैं। यानी 1.72 करोड़ ग्रामीण क्षेत्र में मतदाता कम हुए हैं। गांव में 15.23 प्रतिशत मतदाताओं की संख्या में कमी हुई है।

3.26 करोड़ मतदाताओं को दी जाएगी नोटिस

यूपी में वर्ष 2003 की मतदाता सूची से जिन लोगों के नाम का मिलान विभिन्न कारणों से नहीं हो सका है, ऐसे 3.26 करोड़ लोगों को नोटिस भेजी जाएगी। पहले चरण में 1.04 करोड़ वह लोग हैं जिनके नाम की मैपिंग यानी मिलान उनके माता-पिता, बाबा-दादी, नाना व नानी से नहीं हो सकी है। वहीं दूसरे चरण में जिन 2.22 करोड़ लोगों को नोटिस भेजी जाएगी, उनमें पिछली सूची से खुद के नाम या पिता के नाम में भिन्नता पाई गई है।

नोटिस पर पहली सुनवाई 21 को 3793 जगह होगी

मतदाता सूची में नाम का मिलान न हो पाने के कारण जिन लोगों को नोटिस भेजी जा रही है उनकी सुनवाई 21 जनवरी से होगी। पहली सुनवाई 21 जनवरी को 3793 स्थानों पर सुनवाई होगी। इसके लिए 402 ईआरओ सहित कुल 9154 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नोटिस पर सुनवाई सुबह 9 से दोपहर 12 बजे, दोपहर 12 बजे से 3 बजे व तीसरे चरण में इसके बाद शाम तक होगी।

नाम जुड़ने के बाद पंचायत की सूची से अधिक होंगे मतदाता

सीईओ नवदीप रिणवा ने पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में 12.69 करोड़ मतदाताओं के नाम व यूपी की ड्राफ्ट मतदाता सूची में 12.55 करोड़ नाम होने के सवाल का तथ्यपरक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनके यहां चार महीने नाम जोड़ने की प्रक्रिया चली और 23 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी हुई। वहां मई में पंचायत चुनाव को लेकर सूची तैयार की गई है और इसलिए तेजी से नाम जुड़वाए गए। अभी हमारे यहां पर नाम जुड़ने की प्रक्रिया चल रही है। 6 जनवरी से शुरू हुई प्रक्रिया में अभी तक 20 लाख से अधिक लोगों ने फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया है। अभी यूपी की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का काम चल ही रहा है। जब आगे अंतिम सूची जारी होगी तो हम पंचायत की सूची से काफी आगे होंगे।

बूथों पर आज चलेगा ये विशेष अभियान

यूपी ड्राफ्ट मतदाता सूची रविवार को सभी बूथों पर दिखाई जाएगी। जिसमें मृत, अनुपस्थित व अस्थाई मतदाताओं के नाम की सूची भी प्रदर्शित होगी। मौके पर फॉर्म-6, 7 और 8 भरवाने के लिए हेल्प डेस्क मतदाताओं के लिए बनाई जाएगी। वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, कटवाने और संशोधन के लिए मतदाताओं से मौके पर ही फॉर्म भरवाया जाएगा।

एसआईआर का नंबर गेम

ड्राफ्ट सूची में कुल मतदाता - 12.55 करोड़

पुरुष मतदाता- 6.88 करोड़

महिला मतदाता- 5.88 करोड़

एसआईआर में नाम कटने वाले मतदाता - 2.89 करोड़

महिला मतदाताओं के नाम कटे - 1.53 करोड़

पुरुष मतदाताओं के नाम कटे - 1.33 करोड़

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |