जमीन पर बैठकर बिलखती रहीं महिलाएं, कुर्सी पर चुप्पी साधे बैठे रहे ओपी राजभर; VIDEO वायरल
योगी सरकार में ओपी राजभर तीन दिन पहले जौनपुर पहुंचे। जहां उन्होंने बिजली के खंभे की चपेट में आने से मृत युवकों के परिजनों से मुलाकात की। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें ओपी राजभर कुर्सी पर बैठे हुए हैं और वहीं पास बैठी कुछ औरतें रो रही हैं।

UP News: योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर तीन दिन पहले जौनपुर पहुंचे। जहां उन्होंने बिजली के खंभे की चपेट में आने से मृत युवकों के परिजनों से मुलाकात की। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि लाइव हिन्दुस्तान नहीं करता है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि ओपी राजभर चुप्पी साधे कुर्सी पर बैठे हुए हैं और वहीं पास बैठी कुछ औरतें रो रही हैं।
छह मई की रात सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भकुरा गांव निवासी 24 वर्षीय शनि राजभर बिजली के खंभे के नीचे दब गया था। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गुरुवार सुबह करीब डेढ़ बजे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पंचायती राज विभाग के ओपी राजभर मृतक के घर पहुंचे और उसकी मां ओमती देवी तथा नानी दुलारी से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। करीब 40 मिनट तक चली बातचीत के दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासनिक स्तर पर हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया।
हालांकि परिजनों ने कहा कि आते सब लोग हैं और भरोसा देकर चले जाते हैं कुछ करते नहीं। इस दौरान ओपी राजभर ने सदर उप जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर पीड़ित परिवार को दुर्घटना सहायता राशि उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। वापस जाते समय मृतक की मां मंत्री के वाहन के आगे लेट गई, ठोस कार्रवाई की मांग की। हालांकि लोगों ने समझाकर मामला शांत कराया।
जमीन पर बैठकर मंत्री के सामने रोती रहीं महिलाएं
इस घटना के दो दिन बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें ओपी राजभर कुर्सी पर बैठे हुए हैं। वहीं पीड़ित महिलाएं जमीन पर बैठकर रो रही हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर लोग राजभर को निशाना साध रहे हैं। एक यूजर ने एक्स पर लिखा, ‘ओम प्रकाश राजभर एक रोती बिलखती मां के सामने सामन्ती सोच के साथ बैठे हैं जबकि मां न्याय की भीख मांग रही है।’ वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘एक महिला पैरों में गिरकर रो रही है, बिलख रही है। महिला को देख किसी भी इंसान का कलेजा पसीज जाए। लेकिन ओपी राजभर को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।’ इसके अलावा सपा के मीडिया सेल ने लिखा कि रोती महिलाएं भाजपा सरकार के मंत्री के पैरों में पड़ी न्याय की भीख मांग रही हैं लेकिन कुर्सी पर बैठा काला चश्माधारी मंत्री मौज से बैठा है।
मृतक दूल्हे के परिजनों से नहीं की मुलाकात
इसी दिन सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भकुरा गांव में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर पहुंचे। उसी क्षेत्र के निवासी 22 वर्षीय दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या एक मई को की गई थी। मंत्री आए, लेकिन आजाद बिंद के गांव बड़उर नहीं गए। भकुरा से ही रवाना हो गए। इस बात को लेकर खूब चर्चा रही। क्षेत्र के लोगों ने सवाल भी उठाया। कहा कि हत्या के तीन मुख्य आरोपी अब तक पकड़े नहीं जा सके हैं, जबकि आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।


