यूपी में मंत्री राकेश राठौर के रिश्तेदार को महिलाओं ने पीट-पीटकर मार डाला, बेटा भी मरणासन्न
सीतापुर में दिन दहाड़े योगी सरकार के राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु के रिश्तेदार की बीच बाजार में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने मृतक के बेटे को भी नहीं छोड़ा। उसे भी मरणासन्न हालत में कर दिया।

Sitapur Murder: यूपी के सीतापुर में तेल कारोबारी रामकृष्ण राठौर की शहर के राजाबाजार स्थित दालमंडी में लाठी-डंडों और रॉड से पीटकर हत्या कर दी गई। मरने वाले व्यक्ति सीतापुर शहर विधायक और नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरू' का रिश्तेदार बताया जा रहा है। हमलावरों ने कारोबारी के बेटे अभिषेक उर्फ छोटे को भी नहीं छोड़ा उसे भी पीट-पीटकर मरणासन्न हालत में कर दिया।
हमला करने वालों में युवकों के अलावा महिलाएं भी शामिल थीं। गंभीर हालत में घायल अभिषेक को लखनऊ रेफर किया गया है। वारदात के पीछे पारिवारिक संपत्ति का विवाद बताया जा रहा है। मृतक के बेटे की तहरीर पर रिश्तेदार रवींद्र उर्फ कल्लू राठौर, उसकी मां-बहन और दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी मां-बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पारिवारिक संपत्ति को लेकर हुआ झगड़ा
शहर के दुर्गापुरवा निवासी 58 वर्षीय रामकृष्ण राठौर उर्फ बबलू उर्फ अंग्रेज का अपने परिवार के ही रवींद्र उर्फ कल्लू राठौर से राजाबाजार की दालमंडी स्थित दुकानों को लेकर तीन साल से विवाद था। मृतक के बेटे और मुकदमे के वादी कृष राठौर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार को पिता रामकृष्ण दूसरे बेटे अभिषेक उर्फ छोटे के साथ विवादित दुकानों के पास से गुजर रहे थे। वहां मौजूद रवींद्र उर्फ कल्लू ने मां, बहन आदि के साथ दोनों को ललकारते हुए लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर दिया। हमले में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच घायलों के कुछ परिचित पहुंच गए तो आरोपी भाग निकले। लोगों ने पुलिस, परिजनों को सूचना दी। सरेबाजार हुई वारदात से मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने घायल पिता-पुत्र को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने रामकृष्ण राठौर को मृत करार दिया। अभिषेक की गंभीर हालत देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मृतक के बेटे की तहरीर पर दो महिलाओं समेत पांच लोगों पर केस
मृतक के सगे भाई गोपाल कृष्ण राठौर ने बताया कि रामकृष्ण, नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरू के रिश्तेदार थे। एएसपी उत्तरी आलोक सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर रवींद्र उर्फ कल्लू राठौर, उसकी मां कमलेश राठौर, बहन रेनू राठौर, प्रेमनगर निवासी रामसेवक उर्फ बबला, बबला के बेटे पप्पू पर केस दर्ज किया गया है। मां-बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एक पक्ष ने दी थी धमकी- अब तमंचे पर होगा डिस्को
संपत्ति विवाद को लेकर शनिवार हुई हत्या से एक दिन पहले शुक्रवार को भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। सूत्रों के मुताबिक, रामकृष्ण बाजार स्थित दुकान के पास गुजर रहे थे, तभी कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। कुछ का दावा है कि इस दौरान एक पक्ष ने धमकी दी थी कि अब तमंचे पर होगा डिस्को। हालांकि, उस समय विवाद गाली-गलौज तक सीमित रहा। शनिवार को रामकृष्ण बेटे के साथ बाजार पहुंचे तो दोनों पक्षों में विवाद हुआ और मारपीट में रामकृष्ण की जान चली गई।
पुलिस की भूमिका पर भी सवाल
शहर के बीच बाजार हुई हत्या के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि दोनों पक्षों में पुराना विवाद था। इसकी जानकारी स्थानीय चौकी से लेकर कोतवाली पुलिस तक को थी। इसके बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।
मकान-दुकानों को लेकर था विवाद
परिजनों के मुताबिक, आरोपी कल्लू मृतक रामकृष्ण राठौर का चचेरा भाई है। दोनों के बीच पहले मकान का विवाद हुआ था। इसके बाद मुख्य बाजार स्थित दो दुकानों को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया है कि एक दुकान पर कल्लू खुद कारोबार करता है, दूसरी प्रेमनगर निवासी पप्पू वाधवानी को किराये पर दी गई थी। रामकृष्ण इन दुकानों में अपना हिस्सा जताते थे। वहीं, यह चर्चा भी है कि दोनों पक्षों के बीच संपत्ति का बंटवारा पहले ही हो चुका था।

