
चार साल तक लिव इन रिलेशनशिप में रही युवती, अब धोखा दे गई गर्लफ्रेंड, प्रेमी को सरेराह पिटवाया
बिजनौर जिले से प्रेम-प्रसंग का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। चार साल तक एक युवकी युवक के साथ लव इन रिलेशनशिप में रही। दोनों के बीच अनबन हुई तो युवकी घर आ गई।
यूपी के बिजनौर जिले से प्रेम-प्रसंग का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। चार साल तक एक युवकी युवक के साथ लव इन रिलेशनशिप में रही। दोनों के बीच अनबन हुई तो युवकी घर आ गई। प्रेमिका को लेकर प्रेमी जब उसके घर पहुंचा तो गर्लफ्रेंड बदल गई और प्रेमी को पीट दिया। युवती ने इसके बाद परिजनों से भी प्रेमी को पिटवाया। युवक-युवती के बीच हो रही मारपीट का यह ड्रामा घंटों चला। इस दौरान भीड़ एकत्रित हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस प्रेमी युगल को थाने ले गई।
पुलिस के अनुसार धामपुर क्षेत्र की एक युवती का गजरौला के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चार साल से दोनों गजरौला में ही लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं। आरोप है कि युवक युवती के परिजनों पर शादी के लिए दहेज का दबाव बनाने लगा। इस पर युवती की प्रेमी से अनबन हो गई और वह गजरौला छोड़कर अपने घर आ गई। प्रेमिका के जाने के बाद बुधवार को प्रेमी उससे मिलने धामपुर रोडवेज बस स्टैंड पहुंचा और जबरन युवती को ले जाने लगा। इस पर युवती भड़क गई और युवक से हाथापाई शुरू कर दी। इस बीच युवती के परिजन भी पहुंच गए। युवती ने परिजनों के साथ मिलकर प्रेमी को पीटना शुरू कर दिया। यह देख राहगीरों की भीड़ लग गई। राहगीरों ने भी युवक को पीटा। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी युगल को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इस संबंध में कोतवाल मृदुल सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
घर से भागी युवती बरामद, प्रेमी के साथ गई
वहीं दूसरी ओर गोंडा में एक पखवाड़े पहले नाटकीय ढंग से प्रेमी संग भागी युवती ने मंदिर में शादी कर ली थी। बीते बुधवार को पुलिस टीम ने गोंडा पुलिस आफिस के पास से युवती को बरामद कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां पर बालिग लड़की ने प्रेमी संग जाने की इच्छा जताई। इस पर उसे प्रेमी के सुपुर्द कर दिया गया है। धानेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक 18 साल की युवती बीते 21 अक्तूबर की शाम करीब सात बजे नाटकीय ढंग से प्रेमी संग रफूचक्कर हो गई थी। इस पर परिजनों की ओर से बड़का गांव विशंभरपुर के रहने वाले युवक पर बहला फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि युवती को गोंडा पुलिस आफिस के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां पर बालिग लड़की ने प्रेमी के साथ स्वेच्छा से जाने और उसे पति मानकर मंदिर में शादी करने की बात बताई। न्यायालय के आदेश पर लड़की को उसके प्रेमी पति के सुपुर्द कराया गया है।





