
सही से बैठने को कहा तो ट्रेन में हुआ बवाल, डॉक्टर की पत्नी को महिला ने मारे थप्पड़
एक व्यक्ति से सही से बैठने को कहा तो उसकी पत्नी ने बदसलूकी शुरू कर दी। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर उतरने से पहले मारपीट की। आरोप है कि उन पांचों के पास टिकट नहीं था और खुद को रेलवे का स्टाफ बता रहे थे। GRP प्रभारी ने बताया कि जांच में पता चलेगा कि ये लोग बिना टिकट थे या रेलवे के स्टाफ थे।
लखनऊ से आगरा जाने वाली इंटरसिटी (12179) में कानपुर के एक डॉक्टर की पत्नी से मारपीट हो गई। सामने वाली सीट पर बैठे एक व्यक्ति को सही से बैठने की बात कहने पर उसकी पत्नी, डॉक्टर की पत्नी से भिड़ गई। डॉक्टर की पत्नी को थप्पड़ मारने के साथ ही उसने बाल पकड़कर कोच के अंदर गिरा दिया। महिला के परिवार में शामिल अन्य लोगों ने भी मारपीट की। जीआरपी प्रभारी ओएन सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने बताया कि वह डी-2 कूपे की रिजर्व सीट 13 नंबर पर बैठी थीं। वह केजीएमयू के एक विभाग से शोध कर रही हैं। आरोप है कि महिला समेत पांच लोग खाली सीट पर आकर बैठ गए। खुद को रेल स्टाफ बता रहे थे। टिकट नहीं था।
जीआरपी करेगी जांच
एक व्यक्ति से सही से बैठने को कहा तो उसकी पत्नी ने अभद्रता शुरू कर दी। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर उतरने से पहले मारपीट की। आरोप है कि उन पांचों के पास टिकट नहीं था और खुद को रेलवे का स्टाफ बता रहे थे। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि जांच में पता चलेगा कि ये लोग बिना टिकट थे या रेलवे के स्टाफ थे।
जालौन की छात्रा का शव सचेंडी के रेल ट्रैक पर मिला
वहीं, एक अन्य घटना में जालौन के कुठौंद क्षेत्र के बहादुरपुर गांव की एक किशोरी का शव गुरुवार शाम सचेंडी के बिनौर क्रासिंग गेट के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची जीआरपी भीमसेन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जिला जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर निवासी राजेंद्र चौधरी की 20 वर्षीय पुत्री दिव्या भारती बीते 6 नवंबर को रामपुरा थाना अंतर्गत ऊमरी स्थित लाइब्रेरी में पढ़ने गई थी। बताया गया कि पढ़ाई समाप्त करने के बाद वह दोपहर लगभग 12 बजे घर के लिए रवाना हुई, लेकिन अपने घर नहीं पहुंची। परिजनों ने संभावित स्थानों पर तलाश की, पर उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद उन्होंने रामपुरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। देर रात सूचना मिली कि एक युवती का शव सचेंडी के समीप बिनौर के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान दिव्या भारती के रूप में की। सूचना पर सचेंडी थाना पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना से मृतक के परिवार में मातम छा गया है। जीआरपी भीमसेन प्रभारी हेमंत कुमार सोलंकी ने बताया कि दिव्या भारती की ट्रेन से गिरने से मौत की आशंका है। जिला जालौन के रामपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज है। विवेचना वहीं की थाना पुलिस करेगी।



