महिला की हत्या के बाद चुपके से अंतिम संस्कार कर रहा था परिवार, पुलिस ने जलती चिता से निकाली लाश
मेरठ में पति ने धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर पत्नी हत्या कर दी। घटना छिपाने के लिए परिजनों ने आनन फानन में अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर दी और लाश लेकर श्मशान पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जलती चिता से लाश निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

यूपी के मेरठ से एक दिल दहला दने वाला मामला सामने आया है। जहां टीपीनगर की नई-बस्ती में महिला की धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी गई। वारदात को पति ने ही अंजाम दिया। घटना छिपाने के लिए परिजनों ने आनन-फानन में अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर दी और लाश लेकर श्मशान पहुंच गए। पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद फोर्स मौके पर पहुंच गई। जलती चिता से लाश निकाली गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजी गई।
नई बस्ती निवासी सुरेश उर्फ टीटू मजदूरी करता है। उसकी पत्नी 45 वर्षीय विमलेश को लहूलुहान हालत में परिजन रविवार रात को पहले तो लोकप्रिय हॉस्पिटल और इसके बाद केएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि महिला का ज्यादा खून बहने के कारण बचाया नहीं जा सका। इसके बाद परिजन शव लेकर वापस घर लौट आए। परिजनों ने आननफानन में अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली और शव लेकर श्मशान पहुंच गए। किसी ने यूपी 112 पर सूचना देकर बताया कि महिला की हत्या की गई है। टीपीनगर इंस्पेक्टर अरुण मिश्रा मौके पर पहुंचे। उस समय चिता को अग्नि दे दी गई थी।
शव निकालने पर पुलिस से भिड़े परिजन
पुलिस ने जलती चिता से शव निकाला, जिसे लेकर परिजन भिड़ गए। मौके पर हंगामा हो गया। दूसरी ओर, फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और जांच शुरू कराई गई। पता चला कि गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस ने सुरेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने सुरेश से पूछताछ की तो बड़ा खुलासा हुआ।
पत्नी को थप्पड़ मारने के बाद दिया था धक्का
सुरेश ने बताया कि चांदी के कुछ जेवर घर में नहीं मिल रहे थे। इस बात को लेकर रविवार रात पत्नी विमलेश से विवाद हो गया। पत्नी को थप्पड़ मारा और धक्का दिया। विमलेश ड्रेसिंग टेबल पर जा गिरी और शीशा टूटकर उसकी गर्दन में जा लगा। बताया कि तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां मृत्यु हो गई। सुरेश ने बताया कि उसने जानबूझकर कुछ नहीं किया। पुलिस ने आरोपी का बयान रिकार्ड किया है।
महिला की हत्या की मिली थी सूचना
इस मामले में एसपी सिटी विनायक गोपल भोसले ने बताया कि सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि विमलेश नाम की महिला की परिजनों ने ही हत्या कर दी है। घटना को छिपाने के लिए शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी थी। पति को गिरफ्तार किया है। पूछताछ की जा रही है।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

