
नए साल का जश्न चीख-पुकार में बदला, बेकाबू कार ने नाचते लोगों को कुचला, महिला की मौत
सिद्धार्थनगर के कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र में नए साल पर जश्न मना रहे ग्रामीणों पर बुधवार की रात एक अनियंत्रित कार ने कहर बरपा दी। कार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए।
यूपी के सिद्धार्थनगर में नए साल पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र स्थित तिलकपुर गांव में नए साल पर जश्न मना रहे ग्रामीणों पर बुधवार की रात एक अनियंत्रित कार ने कहर बरपा दी। कार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। कार चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पीट दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे बचाया और गिरफ्तार कर लिया।
तिलकपुर गांव के लोगों ने बुधवार की रात नए साल का जश्न मनाने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया था। सड़क के किनारे डीजे की धुन पर महिलाएं और युवा-किशोर थिरक रहे थे। वे जश्न में डूबे थे कि इसी दौरान वहां से गुजर रही एक तेज रफ्तार कार का चालक नियंत्रण खो बैठा। कार अनियंत्रित होकर रामवृक्ष की पत्नी सुंदरी, सर्वेश के 12 वर्षीय बेटा राज, संतोष की पत्नी मधु चौरसिया और शैलेंद्र के आठ वर्षीय बेटे आदित्य को ठोकर मार दी। सुंदरी के सिर और सीने पर गंभीर चोट आई। सर्वेश का एक हाथ टूट गया। मधु के पैर में चोट आई जबकि आदित्य का पैर टूट गया। शैलेंद्र की मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
ग्रामीणों ने घायलों को बर्डपुर सीएचसी पर पहुंचाया जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में सुंदरी ने दम तोड़ दिया। बनियाभार निवासी कार चालक अनिल को पर केस दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
स्टंटबाज ने कार से बुजुर्ग को मारी टक्कर
उधर, मेरठ के सिविल लाइन इलाके में कार सवार ने स्टंटबाजी करने के दौरान एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी। बुजुर्ग ने संभालने का प्रयास किया तो आरोपी ने कार दौड़ा दी। इस दौरान बुजुर्ग के पैर के ऊपर से कार का पहिया उतारकर आरोपी फरार हो गया। मामले में आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।





