महिला ने सिपाही को सड़क पर पीटा, कॉलर पकड़कर जड़े थप्पड़; वीडियो वायरल
गोरखपुर में एक महिला वर्दीधारी पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। कैंट थाना क्षेत्र के सिंघड़िया स्थित मॉडल शॉप के सामने की बताई जा रही इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यूपी के गोरखपुर में वर्दीधारी पुलिसकर्मी के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़कर लगातार थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है, जबकि पुलिसकर्मी खुद को बचाते हुए वहां से भागता नजर आ रहा है। घटना कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघड़िया स्थित मॉडल शॉप के सामने की बताई जा रही है। हालांकि, लाइव वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
संबंधित पुलिसकर्मी कैंट थाने के एक पुलिस चौकी पर तैनात है। बताया जा रहा है कि नवंबर के अंतिम सप्ताह में पुलिसकर्मी किसी महिला के संबंध में मिली शिकायत की जांच करने मॉडल शॉप के सामने स्थित एक गली में गया था। इसी दौरान महिला ने पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि महिला द्वारा धक्का दिए जाने से पुलिसकर्मी नाली में गिरते-गिरते बचा और फिर वहां से भागकर सड़क की ओर चला गया। वीडियो में महिला की कुर्ती फटी हुई नजर आती है। चर्चा है कि इससे विवाद और बढ़ गया।
सूत्रों का कहना है कि इस मामले को लेकर महिला या पुलिसकर्मी खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बावजूद पुलिस स्तर पर भी अभी तक कोई स्पष्ट कार्रवाई सामने नहीं आई है। सवाल उठ रहे हैं कि यदि पुलिसकर्मी सरकारी काम से मौके पर गया था और उसके साथ मारपीट हुई तो महिला के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मी से मारपीट का मुकदमा दर्ज क्यों नहीं कराया। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि चार लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई थी। मामला पुलिसकर्मियों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

