यूपी में साथ लड़ेंगे सपा-आप? अखिलेश से मिले संजय सिंह, सियासी अटकलें तेज

लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

आप सांसद संजय सिंह ने लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने संविधान, आरक्षण, सामाजिक न्याय और 69 हजार शिक्षक भर्ती समेत मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के बाद यूपी चुनाव 2027 में सपा-आप गठबंधन और सीट शेयरिंग की अटकलें तेज हो गई हैं।

AAP MP Sanjay Singh met SP President Akhilesh Yadav
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिले आप सांसद संजय सिंह

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। संजय सिंह लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय पहुंचे, जहां दोपहर दोनों नेताओं के बीच बैठक हुई। इस मुलाकात के बाद सपा और आप के बीच संभावित चुनावी गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, दोनों दलों की ओर से गठबंधन को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसके बावजूद चुनाव से पहले हुई इस मुलाकात को राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि बैठक में संविधान, आरक्षण, सामाजिक न्याय और 69 हजार शिक्षक भर्ती समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

संजय सिंह ने पोस्ट कर क्या कहा?

मुलाकात के बाद संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि उन्होंने अखिलेश यादव के साथ संविधान, आरक्षण, सामाजिक न्याय और 69 हजार शिक्षक भर्ती सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि संविधान और आरक्षण के लिए भाजपा सबसे बड़ा खतरा है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा ने आरक्षण खत्म करने को लेकर फिर से मुहिम तेज कर दी है और इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाना चाहिए।

संविधान-आरक्षण और 69 हजार शिक्षक भर्ती पर चर्चा

69 हजार शिक्षक भर्ती मामले का जिक्र करते हुए संजय सिंह ने कहा कि पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है और उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन किया गया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इन अभ्यर्थियों को उनका हक दिलाने के लिए मजबूती से उनके साथ खड़ी है। सामाजिक न्याय और आरक्षण की लड़ाई को सड़क से संसद और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट तक ले जाने की बात भी उन्होंने कही। आप सांसद ने कहा कि संविधान, आरक्षण और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए विपक्षी और सामाजिक न्याय की ताकतों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने भाजपा पर संविधान की मूल भावना और आरक्षण व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए इसके विरोध का आह्वान किया।

2027 में गठबंधन के समीकरण पर नजर

यूपी में 2027 का विधानसभा चुनाव भाजपा बनाम विपक्षी दलों के बीच मुकाबले की दिशा में बढ़ता दिखाई दे रहा है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए विपक्षी दलों के साथ रणनीतिक तालमेल की कोशिश में हैं। कांग्रेस के साथ सपा के समीकरणों के बीच अब आम आदमी पार्टी की सक्रियता भी बढ़ी है। संजय सिंह की अखिलेश यादव से मुलाकात ने संभावित सपा-आप गठबंधन की अटकलों को और हवा दे दी है। अगर दोनों दल साथ आते हैं तो सीट बंटवारा और चुनावी रणनीति अहम मुद्दे होंगे। फिलहाल बैठक के बाद कोई औपचारिक गठबंधन सामने नहीं आया है, लेकिन दोनों नेताओं की मुलाकात ने यूपी की सियासत में नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा जरूर तेज कर दी है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsयूपी में साथ लड़ेंगे सपा-आप? अखिलेश से मिले संजय सिंह, सियासी अटकलें तेज